अयोध्या: परिषदीय विद्यालयों-आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच नए रिश्तों की 'सुबह', बच्चों में दिखा उल्लास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। जिले के परिषदीय विद्यालयों की गोद में पल रहे आंगनबाड़ी केंद्रों पर शनिवार को नए रंगों के साथ जुदा तस्वीर दिखाई दी। पहली बार जब पंजीरी के बजाए तहरी और सब्जी रोटी परोसी गई तो नौनिहाल निहाल हो उठे। आंगनबाड़ी के बच्चों ने परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के संग न सिर्फ भोजन किया बल्कि दोस्ती के नए रिश्तों की भी शुरुआत की।

बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस लाइन कम्पोजिट विद्यालय के आंगन से प्रदेश में हाट कुक्ड योजना का शुभारंभ किया था। शनिवार को 'अमृत विचार' की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों का जायजा लिया गया तो बेहद बदली तस्वीर नजर आई। एक ही परिसर में जहां पहले आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे परिषदीय विद्यालयों के छात्रों से जुदा रहते थे वहीं अब जुड़े दिखे।

बीकापुर संवाददाता के अनुसार शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय शेरपुर पारा में बने आंगनबाड़ी केंद्र पर स्कूल की रसोई में बनीं तहरी परोसी गई। केन्द्र के परिसर में बच्चों को एक साथ बिठा कर खिलाया गया। प्राथमिक विद्यालय शेरपुर पारा में बने आंगनबाड़ी केंद्र पर 50 बच्चे पंजीकृत हैं। शनिवार को आए 20 बच्चों को हॉट कुक्ड मील योजना के तहत भोजन परोसा गया। केन्द्र सहायिका सविता ने बताया कि आज पहला दिन था धीरे-धीरे व्यवस्था बेहतर होगी।

रूदौली संवाददाता के साथ प्राथमिक विद्यालय खैरनपुर के छात्रों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र खैरनपुर प्रथम और द्वितीय के बच्चे हाट कुक्ड योजना के तहत भोजन किया। पहले दिन बच्चों में उल्लास दिखा। आंगनबाड़ी कार्यकत्री मीना देवी और मंजू देवी ने बताया कि अभी तक केवल हम पंजीरी और बिस्कुट आदि ही दे पाते थे, मुख्यमंत्री जी के इस उपहार से बच्चों की संख्या भी बढ़ेगी। 

पहली बार केन्द्र पर मिला सब्जी चावल, निहाल हुए नौनिहाल

शिक्षा क्षेत्र तारुन के परिषदीय विद्यालयों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर शनिवार को जब पहली बार नौनिहालों को सब्जी चावल परोसा गया तो नौनिहाल निहाल हो उठे। कंपोजिट विद्यालय तकमीनगंज के केंद्र पर पंजीकृत 45 बच्चों के सापेक्ष 10 बच्चे व प्राथमिक विद्यालय धरमपुर में 35 बच्चों के सापेक्ष छह बच्चे थे जिन्हें परिषदीय विद्यालय के बच्चों के संग बैठा भोजन कराया गया। कार्यकत्रियों सुमन मौर्य, कलावती व सहायिका सरिता देवी, प्रभावती ने बताया कि अब आंगनबाड़ी केंद्रों के हालत बदलेंगे, कहा कि बच्चों की संख्या शीघ्र बढ़ेगी। 

अभी शुभारंभ पर आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए हाट कुक्ड योजना परिषदीय विद्यालयों की रसोई से ही संचालित होगी। कहीं कोई असुविधा न हो इसके लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में इस संबंध में कोई आदेश आता है तो उसके अनुसार कार्य होगा...,संतोष कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अयोध्या।

यह भी पढ़ें:-यूपी कांग्रेस कमेटी की नई कार्य समिति का हुआ एलान, देखें सूची

संबंधित समाचार