Farrukhabad: डीएम एसपी ने जिला व केंद्रीय कारागार का किया निरीक्षण, बंदियों को सामाजिक धारा से जोड़ने के प्रयास की सराहना
फर्रुखाबाद में डीएम एसपी ने जिला व केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया।
फर्रुखाबाद में डीएम एसपी ने जिला व केंद्रीय कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को सामाजिक धारा से जोड़ने को प्रयास की सराहना की।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, एसपी विकास कुमार ने मंगलवार को केंद्रीय कारागार जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। डीएम एसपी ने कैदियों से भोजन व दवा के संबंध में जानकारी की।
मंगलवार को केंद्रीय कारागार फतेहगढ पहुँचे डीएम-एसपी ने बैरकों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भोजनालय में पहुंच भोजन की गुणवत्ता परखी। जिलाधिकारी ने जेल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कैदियों के भोजन की गुणवत्ता परख कर दें। एसपी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था देखी तथा सुरक्षा संबंधी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
केंद्रीय कारागार में कैदियों ने अस्पताल में समय से दवा नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। दोनों अधिकारियों ने केंद्रीय कारागार का बारीकी से निरीक्षण किया। जिला जेल पहुंचे डीएम, एसपी ने बंदियों द्वारा बनाये जा रहे एलईडी बल्ब के संबंध के बारे में जानकारी की। उन्होंने जिला जेल में बंदियों को सामाजिक धारा से जोड़ने के प्रयास की सराहना भी की।
जिला जेल में बंदियों के रख रखाव को देख जेल अधीक्षक भीमसेन मुकुंद की पीठ भी थपथपाई। यहां के बंदियों ने भी समय से दवा न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जेल अधीक्षक मुकुंद ने बताया कि यहां के बंदियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। महिला बंदियों को मोमबत्ती, अगरबत्ती बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुरुष बंदियों से एलईडी बल्ब बनाये जा रहे हैं। इस मौके पर सभी जेल अधिकारी मौजूद रहे।
