कुतुबखाना पुल : बैरिकेड हटाने की कोशिश पर तनातनी
बरेली, अमृत विचार। कुतुबखाना पुल के निर्माण के लिए बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया जाना आम लोगों के साथ दुकानदारों को भी काफी भारी पड़ रहा है। मंगलवार को फिर लोगों ने घंटाघर तिराहे पर जिला पंचायत रोड की तरफ लगाए गए बैरिकेड हटाकर निकलने की कोशिश की तो कार्यदायी संस्था के मजदूरों से उनकी तनातनी हो गई।
विवाद बढ़ा तो सेतु निगम की टीम के साथ पुलिस पहुंच गई। दोबारा बैरिकेड लगाकर आवाजाही को पूरी तरह बंद करा दी गई।
कुतुबखाना पुल का निर्माण पूरा करने की 15 जनवरी नई समयसीमा तय की गई है। तेजी से काम करने के लिए घंटाघर तिराहे से कुतुबखाना चौराहे तक रास्ता बंद करने के साथ जिला पंचायत रोड और कोतवाली की ओर से कुतुबखाना जाने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया गया है। इसके बाद से कुतुबखाना बाजार में आने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
जिला पंचायत रोड से कुतुबखाना, आलमगीरीगंज और बड़ा बाजार में पैदल आने-जाने लोग भी बैरिकेडिंग की वजह से नहीं निकल पा रहे हैं। सहालग के बीच लोगों की आवाजाही बंद कर दिए जाने से दुकानदारों में भी भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि पुल का काम दो महीने पहले पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन उसे सहालग तक खींचकर उनके लिए मुसीबत पैदा कर दी गई है।
कार्यदायी संस्था को सावधानी और सुरक्षा के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। पूरी तरह आवाजाही रोकने के लिए एसपी ट्रैफिक को पहले ही बताया जा चुका है। काम इसी तरह चलता रहा तो 15 जनवरी तक हर हाल में पूरा हो जाएगा। - अरुण कुमार, डीपीएम सेतु निगम
महीना भर और झेलनी पड़ेगी यह दिक्कत
घंटाघर से कुतुबखाना चौराहे के बीच अभी महीने भर तक आवागमन में और दिक्कत रहेगी। घंटाघर से कोहाड़ापीर की ओर तीन पिलर बनाए जाने हैं। कार्यदायी संस्था मंटेना इंफ्रासोल के प्रोजेक्ट मैनेजर मयंक कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कोतवाली से घंटाघर चौराहे तक पुल बन चुका है।
अब घंटाघर से कुतुबखाना चौराहे के बीच पिलर बनाने के लिए खोदाई की जा रही है। बैरिकेडिंग कर चौराहे के पास यातायात पूरी तरह बंद कर दिया है। आने-जाने वाले लोगों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग पर मंगलवार को मजदूरों की संख्या ओर बढ़ा दी गई है।
ये भी पढ़ें- बरेली: अधिवक्ता पहुंचा एसएसपी ऑफिस, डॉक्टर के बेटे-बेटी समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप
