बरेली: अस्पताल में बच्चे का ऑपरेशन न करने पर हंगामा
बरेली, अमृत विचार। रामपुर गार्डन स्थित एक निजी अस्पताल में ठिरिया मोहनपुर गांव के लोगों ने बच्चे के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि उनके बच्चे के पेट का आपरेशन होना था।
डाक्टर ने 50 हजार रुपये जमा करा लिए लेकिन ऑपरेशन नहीं किया और बच्चे की मौत होने की जानकारी भी नहीं दी और गंभीर हालत बताकर उसे दिल्ली रेफर कर रहे हैं। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला सुलझाया और बच्चे को रेफर किया गया है।
बच्चे के पिता गुड्डू ने बताया कि शहर के एक निजी चिकित्सालय में उनके बच्चे का जन्म हुआ था। आरोप लगाया कि वहां पर आपरेशन के दौरान बच्चे के पेट में कैंची या ब्लेड लगने की वजह से उसकी आंतें बाहर आ गईं थी। इसलिए उसे रामपुरा गार्डन स्थित निजी अस्पताल में आपरेशन को रेफर किया गया। यहां चार दिन से बच्चा भर्ती था लेकिन ऑपरेशन नहीं किया।
डॉक्टर ने आरोप को बताया गलत
इस मामले में अस्पताल के संचालक डाॅ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि बच्चे की मौत नहीं हुई है। कैंची या ब्लेड लगने का आरोप भी निराधार है। बच्चे को जन्मजात विकार है, जिसमें उसकी आंत बाहर निकली रह गई हैं।
आपरेशन के लिए कहा गया है बच्चा अभी गंभीर है सुधार होने पर ऑपरेशन किया जा सकता है। उसकी स्थिति के आधार पर यहां से उसे रेफर भी किया गया। मगर जाने से पहले लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और रुपये देने में आनाकानी करने लगे।
ये भी पढ़ें: बरेली: डीडीपुरम और डेलापीर इलाके में फुटपाथों पर चाट और चाय बाजार
