Kanpur News: हांगकांग भेजे जाएंगे ओएफसी के बने शेल…. पहली बार मिला ऑर्डर, आधा माल किया गया तैयार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ओएफसी के बने शेल हांगकांग भेजे जाएंगे।

ओएफसी के बने शेल हांगकांग भेजे जाएंगे। हांगकांग से पहली बार ऑर्डर मिला। आधा माल तैयार किया गया।

कानपुर, [राजीव त्रिवेदी]। ओएफसी में बने रक्षा उत्पाद शेल (तोप के गोले का खोखा) हांगकांग भेजे जाएंगे। आयुध निर्माणी की ओर से निर्यात का यह ऑर्डर लगभग 50 फीसदी पूरा कर लिया गया है। नए साल के शुरुआती महीने से इसकी सप्लाई शुरू हो जाएगी। 71.16 करोड़ रुपये के इस ऑर्डर को अगले साल मई महीने तक कई चरण में सप्लाई करना है। 

एडवांस वेपन्स एंड इक्वेपमेंट इंडिया लिमिटेड (ईडब्लूईआईएल) की यूनिट ओएफसी ने यह शेल तैयार किए हैं। यह ऑर्डर हांगकांग की कंपनी मेसर्स यूनीसोर्स वर्ल्ड लिमिटेड ने दिया था। ओएफसी के जूनियर वर्क मैनेजर सौरभ मिश्रा ने बताया कि ऑर्डर तैयार के लिए सभी गुणवत्ता मानकों को पूरा किया जा रहा है। ऑर्डर के लिए लगभग 50 फीसदी उत्पादन तैयार कर लिया गया है। नए साल से इसकी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। सप्लाई कई चरणों में होगी। अगले साल मई महीने तक इस ऑर्डर को पूरा करना है। 

ये उत्पाद भेजे जाएंगे

इस ऑर्डर में 20.31 करोड़ रुपये के 122 एमएम इम्पटी (खाली) प्रोजेक्टाइल शेल शामिल हैं। इसके अलावा 26.40 करोड़ रुपये के 105 एमएम एचईआर-105-60 हाई एक्सप्लोजिव का भी ऑर्डर शामिल है। 24.45 करोड़ रुपये के 125 एमएम एचई को भी भेजे जाने के लिए निर्माणी तैयार कर रही है। 

और ऑर्डर मिलने की उम्मीद

अधिकारियों ने बताया कि हांगकांग से इकाई को यह पहला ऑर्डर मिला है। उम्मीद है कि हांगकांग से औरऑर्डर मिल सकते हैं। इसके लिए वहां के प्रतिनिधियों से लगातार बातचीत चल रही है। विश्वस्तर पर निर्माणी इकाई की गुडविल अन्य वैश्विक कंपनियों के मुकाबले बहुत बेहतर है। 
इकाई के अधिकारियों ने बताया कि हांगकांग से मिला यह ऑर्डर कई यूरोपियन कंपनियों से लड़कर छीना गया है। इस ऑर्डर के लिए कई कंपनियों ने अपने सैंपल भेजे थे लेकिन ओएफसी को यह ऑर्डर मिला है। वैश्विक कंपनी के मुकाबले बेहतर रक्षा उत्पाद उपलब्ध कराना इसकी प्रमुख वजह है।  

दुश्मनों पर भारी मोर्टार

ओएफसी में बने 81 एमएम मोर्टार की सप्लाई भी हाल में सेना में की गई है। इस मोर्टार से पांच किलोमीटर दूरी से दुश्मन पर गोले बरसाए जा सकते हैं। स्वदेशी तकनीक से बने यह मोर्टार पहाड़ों और दुर्गम इलाकों में छिपे हुए दुश्मनों को तबाह कर सकते हैं। इकाई की ओर से बनाए गए मोर्टार की खास बात यह है कि दुर्गम या अत्याधिक ऊंचाई पर ले जाने के लिए मोर्टार की बैरल, बेस प्लेट और स्टैंड को अलग किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें- Kanpur Accident: डिवाइडर से टकराकर ट्रक हाईवे से गिरा नीचे... चालक की दबकर मौत, सामान लादकर आ रहा था कानपुर

संबंधित समाचार