लखनऊ: परचून के ट्रक में मिली बिना कागजों के लाखों की तंबाकू, हड़कंप
लखनऊ। जीएसटी की प्रवर्तन टीम की विशेष अनुसंधान शाखा की सख्ती जारी है। जांच दल ने घेराबंदी कर बड़ी टैक्स चोरी पकड़ी। इन वाहनों से 24.74 लाख रुपया जमा कराया गया। पकड़ी गई गाड़ियां परचून, सुपारी और आयरन स्क्रैप की थीं। विशेष अनुसंधान शाखा (राज्यकर) के संयुक्त आयुक्त अरुण शंकर राय के निर्देश पर सहायक आयुक्त पवन कुमार, हरदोई के एसी अरविंद सिंह समेत कई अधिकारियों की टीम ने करापवंचन के विरुद्ध घेराबंदी कर कई वाहनों को पकड़ा।
पहली ट्रक में परचून का सामान मिला। लखनऊ में पकड़ी गई इस गाड़ी में दिखावे के लिए परचून के आइटम थे लेकिन जब सामान को बाहर निकलवाया गया तो पता चला कि उसमें बिना प्रपत्रों के तंबाकू लोड मिली। ट्रक को जब्त कर माल का मूल्यांकन करते हुए 15 लाख का अर्थदंड वसूला गया। इसी प्रकार से एक अन्य गाड़ी में सुपाड़ी लोड कर बिना वैध प्रपत्रों के माल लाए जाने की सूचना मिली।
सुपारी लदे इस ट्रक की जांच में टैक्स चोरी का बड़ा गोलमाल दिखा। वाहन से 6.24 लाख का जुर्माना जमा कराया गया। वहीं दूसरी टीम को लखनऊ एवं हरदोई मार्ग पर कर चोरी कर आयरन स्क्रैप ले जाने की जानकारी मिली। सतर्क टीम के सदस्यों ने घेराबंदी कर उसे धर लिया। दो वाहनों मिले इनमें बिना वैध कागजों के माल का परिवहन किया जाता मिला। मौके पर ही उनसे करीब 3.50 लाख की धनराशि जमा कराई गई।
जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा ने टैक्स चोरी कर लाए जा रहे सुपारी, परचून और आयरन स्क्रैप की गाड़ियां पकड़ी हैं। देर शाम जांच के बाद सफलता मिली। सभी वाहनों से करीब 24.74 लाख रुपया अर्थदंड के रूप में जमा कराया गया है। करापवंचन पर प्रभावी कार्रवाई अनवरत रूप से जारी रहेगी। बिना कागजात माल लाने पर बख्शा नहीं जाएगा।
अरुण शंकर रॉय, संयुक्त आयुक्त विशेष अनुसंधान शाखा (राज्यकर)
यह भी पढ़ें: लखनऊ: रेरा की रडार पर 1144 बिल्डर, जल्द करेगा कार्रवाई, नियम-शर्तों का कर रहे उल्लंघन
