कासगंज : राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में अभी से मुखर हुए विरोध के स्वर, अधिकारियों पर लगाया मनमानी का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

कासगंज, अमृत विचार : राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण को लेकर अभी से विरोध के स्वर मुखर होने लगे है। अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही ग्रामीण और एनएचएआई आमने-सामने आ गए है। ग्रामीणों ने अधिकारियों को पर मनमानी का आरोप लगाया है। वहीं चेतावनी दी है कि मनमानी हुई तो निर्माण नहीं होने देंगे।

राष्ट्रीय राजमार्ग 530 बी के लिए अधिग्रहित की गई भूमि में तमाम आबादी और व्यावसायिक गतिविधि की भूमि को कृषि भूमि दर्शाकर अधिग्रहित किया गया है। इसे लेकर भू-स्वामियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि उनकी आपत्ति भी दर्ज नहीं की जा रही। बीते दिनों ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर लैंड यूज को परिवर्तित करने की मांग उठाई थी। आक्रोशित लोगों का कहना है कि कई बार अलग-अलग तिथियों में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को आपत्तियां दी जा चुकी हैं।

जिसमें किसी भी आपत्ति का निस्तारण नहीं किया गया है। लोग काफी समय से घर बनाकर रह रहे हैं। दुकानों और गोदामों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हैं। आबादी क्षेत्र की भूमि को कैसे कृषि भूमि दर्शाया जा सकता है। जहां कोई कृषि गतिविधि नहीं होती। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन के द्वारा गलत तरीके से सर्वेक्षण किया गया है।

आक्रोशित लोगों ने डीएम से अधिग्रहण की गई भूमि के संबंध में भूमि के सही प्रकार के साथ पुन: गजट कराने की मांग की है। पीड़ित कारोबारी संजय गुप्ता ने बताया कि काफी समय से ग्राम ज्यायुद्दीनपुर बिलराम गेट की ओर लोग मकान बनाकर रह रहे हैं। प्लॉटों की नींव भरी हुई है। गोदामों और दुकानों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हैं। राजस्व प्रशासन मनमानी पर उतारू है। गलत रिपोर्ट लगाकर जमीन अधिग्रहित की जा रही है।

पहले भी हुआ था विरोध: राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से पहले यहां कासगंज बरेली हाइवे का प्रस्ताव तैयार हुआ था। एनएचएआई आगरा ने सर्वे किया उस समय भूमि अधिग्रहण को लेकर काफी विरोध हुआ था। उसके बाद प्रस्ताव निरस्त हो गया। अब नए सिरे से राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए अधिग्रहण की तैयारी है।

सर्वे किया गया है। राजस्व टीमों के साथ समन्वय बनाकर भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। राजस्व अधिकारी ही दावे आपत्तियों का निस्तारण करेंगे। - शशांक कुमार, सर्वेयर एनएचएआई

ये भी पढ़ें - कासगंज: झांसा देकर करता रहा शोषण, अब दूसरे से रचा रहा शादी, एफआईआर दर्ज

संबंधित समाचार