पुराने काले इतिहास को भुलाने का वक्त आ गया: अनुप्रिया पटेल

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

गठबंधन में रामपुर की लोकसभा सीट के लिए कार्यकर्ताओं की टटोली नब्ज, फिजिकल स्टेडियम पर उमड़ी भीड़ को देखकर हुईं गदगद

रामपुर, अमृत विचार। अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि लोकतंत्र को समावेशी बनाना होगा। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। दस लाख की आबादी पर 21 न्यायाधीश हैं। अखिल भारतीय न्यायिक सेवा का गठन होना चाहिए। कहा कि अपना दल एस उत्तर प्रदेश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है।      

 फिजिकल कालेज स्टेडियम पर शनिवार की अपराह्न अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष का फोकस पार्टी को विस्तार देने पर रहा। मंडलीय सम्मेलन लोगों की भीड़ देखकर गदगद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र संख्या बल का खेल है। लोकसभा और विधानसभा में अपना दल एस के जितने ज्यादा सदस्य होंगे अल्पसंख्यकों, पिछड़ों, दलितों, पसमांदा समाज के लोगों की समस्याओं का निस्तारण होगा।

जनता के साथ किए गए वायदों को चुने गए नुमाइंदों को पूरा करना चाहिए। आज तरक्की करने के नए मौके हैं। अपना दल को अपने दिल में बसाया। इसके लिए शुक्रिया अदा करने आए हैं। कहा कि स्वार-टांडा के साथ-साथ यह पूरा रामपुर प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।

सरकार की तमाम योजनाएं जनता के बीच पहुंची हुई हैं। कहा कि पुराने काले इतिहास को भुलाने का वक्त आ गया है। एक गीत के माध्यम से कहा कि छोड़ो कल की बातें कल की बात पुरानी। जरूरत थी कि हमारे और आपके बीच विश्वास का सेतु कायम हो। अपना दल आपके लिए हर लड़ाई लड़ने के लिए तत्पर है। अपना दल किसी जाति की पार्टी नहीं है यह सबकी पार्टी है। उन्होंने जाति गणना की भी वकालत की। वर्ष 1995 में पार्टी का गठन हुआ शुरुआती दौर में बहुत असफलताओं का सामना करना पड़ा। लेकिन, अपना दल ने विचारधारा पर कोई समझौता नहीं किया।

इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल और सोहनलाल पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और दीप प्रज्जवलित किया। इसके बाद बड़ी फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। इससे पहले कार्यकारी अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल समेत विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों ने मंडलीय सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल ने की। संबोधन के पश्चात अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रामपुर ने विधानसभा में अपना नुमाइंदा पहुंचा दिया अब रामपुर के राजाओं की नींद उड़ गई है। 

जिन पर भरोसा जताया उन्होंने रामपुर को व्यक्तिगत जागीर समझा: अनुप्रिया
अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने बिना नाम लिए पूर्व मंत्री आजम खां पर निशाना साधते हुए कहा कि रामपुर की जनता ने जिन लोगों को पहले मौका दिया जिन पर भरोसा जताया। उन्होंने रामपुर को व्यक्तिगत जागीर समझ लिया। कहा कि जनता के साथ विश्वास का वादा होना चाहिए।

ये भी पढ़ें:- हिमालय ने लगाई मदद की पुकार, CoP28 को इस पर प्रतिक्रिया देनी चाहिए: संरा प्रमुख

संबंधित समाचार