प्रतापगढ़ : अनियंत्रित पिकअप पेड़ से टकराई, चालक की मौत
केमिकल लेकर जौनपुर जा रही थी पिकअप, फंसियालगढ़ के पास हुआ हादसा
जेठवारा / प्रतापगढ़, अमृत विचार। केमिकल लेकर जौनपुर जा रही पिकअप बाबूगंज-डेरवा मार्ग पर फंसियालगढ़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक व खलासी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर आसपास के लोग पहुंचे। दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी लालगंज ले गए। चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी पिकअप चालक सर्वेश निषाद (28) पुत्र चंद्रपाल निषाद शनिवार भोर में कानपुर शहर से केमिकल लेकर जौनपुर जा रहे थे। खलासी सागर निषाद भी उनके साथ था। भोर में करीब पांच बजे पिकअप बाबूगंज-डेरवा मार्ग स्थित फंसियालगढ़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जोरदार आवाज हुई। आवाज सुनकर लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो चालक सर्वेश बेहोश पड़े थे, सागर भी चोटिल था। लोगों ने किसी तरह जेसीबी से गाड़ी को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज डेरवा बंशीधर राय ने चालक को एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज भेजवाया, जहां पर डाक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने फोन से परिजनों को घटना की जानकारी दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

धनकुट्टी मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत
लालगंज/ प्रतापगढ़। ढिंगवस पूरे बीरबल गांव निवासी राम बहादुर यादव की पत्नी कमला देवी ( 62) शनिवार की सुबह नौ बजे धनकुट्टी मशीन में धान की कुटाई कर रही थी। इस दौरान वह धनकुट्टी मशीन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गई। घर वाले उन्हें आनन - फानन में लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कमला की मौत के बाद पति राम बहादुर, बेटे राजेश यादव,संजय यादव, सुरेश यादव,रमेश यादव समेत परिजन बिलखने लगे।
ये भी पढ़ें -उमेशपाल हत्याकांड में आरोपी अशरफ के साले पर बी वारंट तामील, जल्द होगी कोर्ट में पेशी
