बरेली: बैंकों की मनमानी...कहीं लोन नहीं दिया, कहीं फाइल पास कराने के नाम पर पैसा काट लिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शनिवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अफसरों को बताईं। कई लोगों ने एक ही समस्या के समाधान के लिए कई बार अफसरों के पास जाने के बावजूद मदद नहीं होने की शिकायतें भी कीं। बैंकों की मनमानी के भी कई मामले पहुंचे।

इसमें आवेदक छह माह से भटक रहा तो किसी को प्रबंधक टरका रहे हैं। डीएम ने सभी मामलों में जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 56 शिकायतें आईं, इसमें पुलिस, राजस्व, बैंक, चकरोड बंद करने, पारिवारिक विवाद समेत अन्य मामलों की शिकायतें थीं, लेकिन एक भी शिकायत का समाधान मौके पर नहीं हो सका।

किसी ने रोजगार के लिए फाइल पास करने के नाम पर रुपये मांगने तो किसी ने गलत खाते में पैसा जाने के बाद भी सही अकाउंट में ट्रांसफर नहीं करने की शिकायत की। डीएम ने कहा कि इस बार तहसील में सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की शिकायतों के मामले कम आए हैं, इससे उन्होंने माना कि इस दिशा में काम अच्छा हुआ है।

डीएम ने अगली बैठक में नगर निगम से भी किसी अधिकारी के बैठक में आने के आदेश दिए हैं। एसएसपी घुले सुशील चन्द्रभान, एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव, प्रशिक्षु एसडीएम रिपुदमन सिंह, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।

केस-1

एजाज नगर गौटिया निवासी आलम अल्वी ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करते हुए बताया कि कचहरी स्थित एक बैंक के मैनेजर ने जांच करने के नाम पर 15 हजार रुपये मांगे। पैसे नहीं देने पर लोन नहीं दिया। बैंक से फाइल पास कराने के लिए 4 हजार रुपये काट लिए। आरोप है लोन भी नहीं दिया।

बताया कि वह रोजगार के लिए लोन चाहते हैं। खाता खोलते समय स्वास्थ्य बीमा के 2354 रुपये काट लिए। बीमा भी नहीं दिया। 30 मई 2023 से वह चक्कर काट रहा है। मामले में जांच कर सात दिन के भीतर एलडीएम से जांच रिपोर्ट मांगी गई है।

केस-2

सैदपुर के कालीचरन ने शिकायती पत्र में कहा है कि उनकी बेटी जूली कक्षा चार की छात्रा है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय सैदपुर कुर्मियान में पढ़ती है। बताया कि बेटी की ड्रेस, जूता, मोजा, बैग का 1200 रुपया उनके खाते में न आकर उनके नाम के दूसरे मृतक कालीचरन के खाते में दो साल के 2400 रुपये चले गए हैं।

आरोप है कि उस खाते में उनके आधार कार्ड को गलत तरीके से लगा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि गुहार लगाने के बाद प्रबंधक पैसे को खाते में ट्रांसफर नहीं कर रहे हैं, जिससे वह बेटी की ड्रेस नहीं ले पा रहे हैं। मामले में बीएसए के लिए लिखा गया है।

केस-3

इंद्रानगर आवास विकास के निवासी जितेंद्र ने शिकायती पत्र में कहा है कि दो नवंबर 2022 को स्वनिधि योजना के तहत लोन लिया था। उसे जमा कर चुका है। अब उसने 20 हजार रुपये के लिए योजना के तहत आवेदन किया है, लेकिन उसे लोन नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि बैंक के शाखा प्रबंधक उसे बार-बार दौड़ा रहे हैं। मामले में एलडीएम से जांच कर आख्या मांगी गई है।

केस-4

गोपालपुर नगरिया निवासी भूपराम ने संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर कहा कि, उनके खेत के पास एक व्यक्ति का खेत है। संबंधित व्यक्ति एक फिटकरी फैक्टरी का मालिक है। आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला कैमिकल युक्त मलबा उनके खेत के पास डालते हैं, जिससे खेतों में नुकसान हो रहा है। पीड़ित ने मांग की है कि मलबा डालना बंद हो या फिर बाउंड्री बनवा लें।

ये भी पढ़ें - बरेली: 'मानको का हवाला देकर किया जा रहा टेंपो चालकों को परेशान', विरोध प्रदर्शन कर निकाली रैली 

 

संबंधित समाचार