लखनऊ: चोरी की लाइसेंसी पिस्टल, गहने व नगदी बरामद, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार। दिन में ताला बंद घरों को चिन्हित कर रात में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की लाइसेंसी पिस्टल, लाखों के गहने और नगदी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में कई चोरी की वारदात अंजाम देने का जुर्म कबूल किया।
इंस्पेक्टर तालकटोरा अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि 26 नवंबर को राजाजीपुरम इलाके के मकान नंबर एफ-229 में ताला तोड़कर चोरी कर ली गई थी। इसमें पीड़ित शहाना परवीन ने लाइसेंसी पिस्टल, गहने व नगदी चोरी होने की पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गये।
इसमें घटना से कुछ दिन पहले से एक स्कूटी पर सवार दो युवक जिस घर में चोरी हुई, उसके आसपास चक्कर लगाते दिखे। लोगों से दोनों युवकों की पहचान करायी गई तो उन्होंने इलाके में दिखने की बात कही। इसके आधार पर पुलिस टीम ने अमन गुप्ता उर्फ गोलू निवासी एसएस सेक्टर एच आशियाना को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल, लाखों के गहने और चार हजार रुपये नगद और स्कूटी बरामद की। आरोपी ने 20-25 दिन पहले ई-ब्लाक मार्केट में दुकानों का शटर उठाकर चाेरी करने की बात भी कबूल की। इंस्पेक्टर ने बताया कि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा। कहा कि आरोपी दिन में बंद घरों को चिन्हित करता था। इसके बाद चोरी की वारदात अंजाम देता था।
दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
पीजीआई पुलिस ने दो आरोपियाें को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम बरौली नहर चौराहा पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध बोरियों में कुछ सामान लिये नजर आये। संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तो दोनों ने चोरी का सामान बेचने के लिये ग्राहक की तलाश में होने की बात कही।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान विजय पाल निवासी वृन्दावन कालोनी और सुमित कुमार गुप्ता के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने निर्माणाधीन मकानों व दुकानों से चोरी की बात कबूल की। आरोपियों के कब्जे से जैक, रिंच, गैती समेत अन्य सामान बरामद हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें;-अयोध्या: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला सर्राफा व्यवसायी पुत्र का शव, हत्या की आशंका
