बरेली: अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर लाभार्थियों को बांटे जरूरी उपकरण
बरेली, अमृत विचार। नॉवल्टी चौराहा स्थित आदर्श ज़िला दिव्यांग पुर्नवास केंद्र में आज अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर दिव्यांग लाभार्थियों को 20 ट्राई साइकिल, 15 कान की मशीन, बैसाखी समेत तमाम उपकरण वितरण किए गए।
इस कार्यक्रम में जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी चमन सिंह, मंडल के दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी ऋतुराज सिंह, मनीष बंसल, समाजसेवी पम्मी वारसी, अशोक कुमार माली समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
इसको लेकर शहर कोतवाली क्षेत्र में मलूकपुर बाजदारान मोहल्ला निवासी लाभार्थी इसरार अली ख़ान बताते हैं कि वह रुपये नहीं होने की वजह से कान की मशीन नहीं खरीद पा रहे थे। लेकिन आज उन्हें सरकार की तरफ से कान की मशीन मिल गई है। वहीं मशीन पाकर इसरार अली ख़ान बहुत खुश हैं, सुन न पाने के कारण उनको कहीं काम नहीं मिल पा रहा था। लेकिन अब वह रोज़गार से जुड़ जाएंगे।
इसरार अली बताते हैं कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन जब वह जागरूक हुए तो उनकी दिक्कत खत्म हुई। जो अब दूसरे लोगों को भी जागरूक करेंगे। वहीं जिला दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी चमन सिंह ने बताया कि उनके विभाग की तरफ से संचालित कल्याणकारी योजनाओं से दिव्यांगजनों को लगातार लाभांवित किया जा रहा है। इसके लिए समय-समय पर दिव्यांगजनों के लिए जागरूकता अभियान चलाकर हरसंभव मदद पहुंचाई जा रही है।
ये भी पढ़ें - बरेली: 'मानको का हवाला देकर किया जा रहा टेंपो चालकों को परेशान', विरोध प्रदर्शन कर निकाली रैली
