कानपुरवासियों के लिए अच्छी खबर… नए साल से सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से दौड़ेंगी बसें, रूट चार्ट तैयार
कानपुर में नए साल से सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से दौड़ेंगी बसें।
कानपुर में नए साल से सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से बसें दौड़ेंगी। रूट चार्ट तैयार हो गया। इसमें कुल 71 बसें चलेंगी। जबकि दिल्ली रूट के लिए नौ बसें चलेंगी।
कानपुर, अमृत विचार। सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से नए साल से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। रोडवेज प्रशासन ने बस अड्डे को शुरू करने के लिए प्रस्तावित रूट तैयार कर लिया है। इस नए बस अड्डे से 71 बसों का संचालन होगा। दिल्ली के लिए 9 बसें चलाई जाएंगी। 11 अन्य रूटों पर भी बसों का संचालन किया जाएगा।
विकास नगर स्थित सिग्नेचर सिटी बस अड्डा नए साल में शुरू हो सकता है। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बस अड्डे से हर दस मिनट में बसों का संचालन होगा। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने रूट चार्ट बना लिया है। दिल्ली, लखनऊ, बरेली, हल्द्वानी व बरेली सहित अन्य रूटों को शामिल किया गया है। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि समारोह कर नए बस अड्डे को शुरू किया जाएगा।
सीएम ने किया था उद्घाटन
सिग्नेचर सिटी बस अड्डा बनकर तीन साल से तैयार है। पिछले साल सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका उद्घाटन किया था लेकिन तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों के चलते यह बस अड्डा चालू न हो पाया। कभी केडीए से लेनदेन का विवाद तो कभी स्टाफ फर्नीचर न होना, फूड प्लाजा न बन पाने और परिवहन मंत्री का समय न मिलने की वजह से यह शुरू नहीं हो सका। इसके बाद सिग्नेचर सिटी बस अड्डे के सामने पीडब्ल्यूडी की सड़क बनने की वजह से आरंभ टलता रहा। अब सड़क बनकर तैयार है। ऐसे में रोडवेज अधिकारी इसे जल्द शुरू करने के प्रयास में हैं।
लखनऊ के लिए पांच जनरथ बसें
71 बसों में से 5 जनरथ बस लखनऊ के लिए होंगी। इनमें एक बस सुबह नौ बजे होगी। इसके बाद दूसरी बस सुबह दस बजे निकलेगी। तीसरी जनरथ बस दोपहर 2:30 बजे होगी। इसके अलावा दोपहर तीन बजे व रात 8:30 बजे बस चलेगी।
इन रूटों पर चलेंगी बसें
कानपुर से बिधूना, कानपुर से लखनऊ, कानपुर से फर्रुखाबाद, कानपुर से हल्द्वानी, कानपुर से हरिद्वार, कानपुर से दिल्ली, कानपुर से बरेली, कानपुर से दिबियापुर, कानपुर से मैनपुरी व कानपुर-बिधूना-दिल्ली।
पांच लाख आबादी को राहत
बस अड्डे के शुरू होने से आसपास के लगभग पांच लाख आबादी को लाभ हासिल होगा। विकास नगर के आस-पास रहने वाली आबादी के लोगों को फिलहाल बस पकड़ने के लिए झकरकटी या रावतपुर आना होता है। ऐसे में नई सुविधा शुरू होने के बाद अब उन्हें परेशान नहीं होना होगा।
