प्रयागराज: पत्नी को तलाक देकर साली से करना चाहता था शादी, विफल होने पर की दी हत्या, पिता ने दिया कंधा तो रो पड़ा गांव
प्रयागराज। सराय इनायत थाना क्षेत्र के मुसहा दालापुर गांव में रविवार को जिस चौखट से बेटी की डोली उठनी थी उसी चौखट से पिता ने बेटी की अर्थी को कांधा दिया। युवती के शव से लिपट कर पूरा परिवार रो रहा था। गांव में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव से लिपटकर बिलखते हुए बहन मीना ने पति की दरिंदगी की पूरी कहानी को बयां किया। पुलिस की मौजूदगी में युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
युवती का शव रविवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो सभी का कलेजा मुंह में आ गया। सभी रोते बिलखते रहे। बड़ी बहन मीना ने पुलिस को बताया कि पति ताराचंद्र छोटी बहन रीना से शादी करना चाहता था। मना करने पर दरिंदों की तरह पीटता था। बहन से शादी नहीं कराने की बात पर तलाक देने की बात करता था। सात महीने से वह दो बेटियों को मायके में छोड़ रखा था।
मीना ने बताया कि छोटी बहन पर पति बुरी नजर रखने के साथ परेशान करता था। उसे काफी समझाया गया लेकिन वह कुछ सुनने को तैयार नहीं था। आए दिन उसे मारता पीटता था। वह अपनी साली रीना से शाफी करने की जिद पर अड़ा था। वह दोनों बहनों को साथ रखने की बात करता था। उसने उसे और दो बेटियों को सात महीने पहले मायके में छोड़ दिया था।
साली की शादी की जानकारी होने के बाद वह सूरत से वापस आया था। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सूरत में रहकर प्राइवेट काम करता था। एक महीने पहले उसे रीना की शादी तय होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद से वह बौखला गया था। बीते चार दिनों से वह पड़ोस के गांव रमईपुर में अपने रिश्तेदारी में रह रहा था। दिन में वह ससुराल भी आता था।
मृतका का पिता रामचंद्र पहले बिना किसी कार्रवाई के उसका अंतिम संस्कार करना चाहता था। ग्रामीणों के समझाने के बाद पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज: अशरफ की पत्नी जैनब के आलीशान बंगले की पुलिस ने कराई मुनादी, किया कुर्क
