Kanpur Crime: आधे घंटे में दो महिलाओं को बनाया था लूट का शिकार, पुलिस ने दो लुटेरों के साथ सराफा कारोबारी को पकड़ा

कानपुर साउथ में दो महिलाओं को लूट का शिकार करने बनाने वाले आरोपी गिरफ्तार।

Kanpur Crime: आधे घंटे में दो महिलाओं को बनाया था लूट का शिकार, पुलिस ने दो लुटेरों के साथ सराफा कारोबारी को पकड़ा

कानपुर में आधे घंटे में दो महिलाओं को शिकार बनाने वाले लुटेरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। लुटेरों वारदात को अंजाम देने के बाद लूट का माल फतेहपुर के बिंदकी में बेचते थे।

कानपुर, अमृत विचार। बीते 25 नवंबर को आधे घंटे में दो महिलाओं को लूट का शिकार बनाने वाले दो लुटेरे हनुमंत विहार पुलिस ने गिरफ्तार किया। लुटेरे किदवई नगर व हनुमंत विहार में घटना को अंजाम देने के बाद फतेहपुर की ओर फरार हो गए थे। लुटेरों ने फतेहपुर में लूट का माल सराफा कारोबारी को बेचा था। पुलिस ने सराफा कारोबारी को भी गिरफ्तार किया। 

बीते 25 नवंबर को देवर शोभित गुप्ता के तिलक समारोह की खरीदारी करने जा रही गोपाल नगर निवासी आकांक्षा गुप्ता की किदवई नगर चालीस दुकान के पास से लुटेरे चेन लूट कर फरार हो गए थे। घटना में उनकी आठ माह की बेटी दीक्षिता ई-रिक्शा से गिरते-गिरते बची थी। घटना के आधे घंटे बाद ही लुटेरों ने किदवई नगर के ब्लॉक में अर्रा रोड निवासी विक्की कुमार की पत्नी संजना का मंगलसूत्र छीन लिया था। संजना अपनी बहनों के साथ ई-रिक्शा से जेड स्क्वायर मॉल जा रही थी।

हनुमंत विहार व किदवई नगर पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई थी। रविवार को हनुमंत विहार पुलिस के हत्थे लुटेरे चढ़ गए। एसीपी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि लुटेरे दोनों घटनाओं को अंजाम देने के बाद नौबस्ता हाईवे से होकर फतेहपुर की ओर रवाना हो गए थे।

पुलिस ने फतेहपुर बिंदकी थानाक्षेत्र निवासी धर्मवीर सिंह उर्फ राज व ध्रुव यादव उर्फ प्रह्लाद को गिरफ्तार किया। बताया कि लुटेरों ने बिंदकी के ही रहने वाले सराफा कारोबारी सूर्य प्रकाश को चेन बेची थी। सराफा कारोबारी को भी गिरफ्तार किया गया है। लुटेरों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, चार चोरी की बाइक व एक चेन पुलिस ने बरामद की।

35 किलोमीटर तक एक हजार से अधिक सीसीटीवी किए चेक

लुटेरों की तलाश में हनुमंत विहार, नौबस्ता व सर्विलांस की टीम लगी हुई थी। पुलिस लुटेरों की तलाश में किदवई नगर से महाराजपुर टोल प्लाजा तक करीब 35 किलोमीटर तक एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसके बाद लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़े। दोनों लुटेरों के खिलाफ शहर भर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमें दर्ज है। 

सराफा कारोबारी लुटेरे का निकला रिश्तेदार

पुलिस की पूछताछ में पता चला की ध्रुव यादव की ससुराल सराफा कारोबारी सूर्य प्रकाश के घर के नजदीक ही है। जिस कारण सूर्य प्रकाश ध्रुव को अपने दामाद की तरह मानता है। पुलिस के मुताबिक लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद ध्रुव सूर्य प्रकाश की दुकान में ही माल बेचता था।

ये भी पढ़ें- Election 2023 : तीन राज्यों में अच्छे प्रदर्शन पर कानपुर में जश्न, प्रकाश पाल बोले- सेमीफाइनल देख लिया अब फाइनल की बारी