अयोध्या: चित्रकूट से खड़ाऊ लेकर भरत कुंड पहुंची भरत यात्रा, हुआ स्वागत
उतारी गई साधु-संतों की आरती, यात्रा देख भाव विह्वल हुए लोग
मसौधा/अयोध्या, अमृत विचार। चित्रकूट धाम से मर्यादा पुरुषोत्तम राम की खड़ाऊ लेकर निकली भरत यात्रा सोमवार को नंदीग्राम भरतकुंड पहुंची। मठ मंदिरों के साधु संतों सहित स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। भरत हनुमान मिलन मंदिर के महंत परमात्मा दास ने यात्रा की अध्यक्षता कर रहे मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास सहित अन्य साधु संतों की आरती उतारी।

इसके बाद भरत गुफा में खड़ाऊ को स्थापित कर पूजन अर्चन किया। महंत परमात्मा दास ने बताया कि भरत यात्रा का प्रथम पड़ाव नंदीग्राम भरत कुंड हुआ।इससे पहले पड़ाव धाधे की बगिया बीकापुर में हुआ। उन्होंने बताया कि जहां रात्रि विश्राम कर भरत यात्रा अगले दिन सुल्तानपुर जनपद के गोमती तट स्थित राम मंदिर पहुंची। इसके बाद श्रृंगीपुर गंगा तट प्रयागराज पहुंची जहां से रात्रि विश्राम के बाद साधु संतों ने संगम स्नान किया।
इसके बाद भरत यात्रा चित्रकूट स्थित राम भरत मिलाप मंदिर लिए रवाना हो गई थी। जहां 2 दिन विश्राम के उपरांत कामदगिरि पर्वत की परिक्रमा करने के उपरांत तीन नवंबर को खड़ाऊ लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुई। यात्रा का संचालन विमल कृष्ण दास ने किया।
कथा वाचिका समेत अन्य साधु-संतों का हुआ स्वागत
कथा वाचिका राधा भक्ति भारती, रामशरण दास रामायणी, महा मंडलेश्वर रामगोपाल महाराज, महंत मदन मोहन, सत्यम सुंदरम दास महाराज सहित यात्रा में चल रहे दर्जनों साधु संतों का भरत हनुमान मिलन मंदिर के महंत परमात्मा दास व बाल कथा व्यास संपूर्णानंद ने स्वागत किया।
यह भी पढ़ें:-बलिया: बोलेरो और ट्रक में टक्कर, दो लोगों की मौत, तीन अन्य घायल
