अमरोहा : सोहरका गांव की कौशल्या देवी थी हादसे में जान गंवाने वाली महिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा/चौधरपुर/हसनपुर, अमृत विचार। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर रविवार को हुए हादसे में जान गंवाने वाली महिला हसनपुर क्षेत्र के गांव सोहरका की रहने वाली थी। सोमवार को डिडौली कोतवाली पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। इसके बाद पुलिस ने महिला का शव और चोटिल पौत्र को परिजनों के हवाले कर दिया।

रविवार दोपहर डिडौली कोतवाली क्षेत्र के बुढ़नपुर में नेशनल हाईवे पर सड़क पार करते समय एक महिला व उसके साथ एक बच्चे को रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई थी, जबकि बच्चा घायल हो गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान न होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था और घायल बच्चे का उपचार कराया था।

 पुलिस मृत महिला की शिनाख्त करने में जुट गई थी। सोमवार को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सोहरका निवासी लोग डिडौली कोतवाली पहुंचे और मृत महिला की पहचान कौशल्या देवी पत्नी चंद्रभान के रूप में की। उसके साथ मौजूद बच्चे सूर्यांश को महिला का पौत्र बताया।

 बच्चे ने भी परिवार के लोगों को देखकर पहचान लिया। परिजनों ने बताया कि मृतक कौशल्या देवी डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ककराली निवासी अपनी बेटी पूनम के घर जाने के लिए निकली थी। लेकिन वहां नहीं पहुंची। सोमवार को उन्हें हादसे की जानकारी हुई।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: फंदे पर लटका मिला सरकारी शिक्षिका का शव, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार