प्रतापगढ़: चार घंटे रेस्क्यू के बाद बच सकी ब्लॉक प्रमुख के बेटे की जान
बचाव मुहिम की कमान स्वयं एसपी ने संभाला, पब्लिक ने भी की मशक्कत
प्रतापगढ़, अमृत विचार। लीलापुर में रविवार रात सवा आठ बजे से 12 बजे तक अफरातफरी मची रही। संयोग ही रहा कि लालगंज की ओर से लौट रहे एसपी सतपाल अंतिल रुके व कार में दबे युवक की दशा देख बचाव मुहिम की कमान खुद संभाल ली। रेस्क्यू में पब्लिक भी मशक्कत करती रही। संडवा सोमवंशियान की प्रेमलता सिंह लक्ष्मणपुर ब्लॉक प्रमुख हैं। इनके पति डॉ. राकेश सिंह भाजपा के नेता हैं और शिक्षण संस्थान चलाते हैं।
सुखपाल नगर कालेज से रात करीब आठ बजे राकेश सिंह के पुत्र शिवम सिंह (32) अपनी फार्च्यूनर कार से घर के लिए निकले तो रास्ते में हादसा हो गया था। एसपी ने हाईड्रा, बुलडोजर, ट्रैक्टर, गैस कटर मैकेनिक, फायर ब्रिगेड बुलाकर बचाव शुरू कराया। सीएचसी लालगंज से मेडिकल टीम को भी मुस्तैद किया गया।
एंबुलेंस भी आ गई। हादसे के बाद बढ़ी भीड़ व जाम को देख लीलापुर, लालगंज व जेठवारा पुलिस भी लगी रही। घायल शिवम को निकालकर राजा प्रताप बहादुर अस्पताल ले जाया गया। झटके से कार का एयर बैग खुल जाने से भी जान बचने में मदद मिली।
घायल के बड़े भाई प्रशांत सिंह ने बताया कि शरीर में आंतरिक चोटें हैं, कुछ नसों के दबने की आशंका पर बेहतर उपचार के लिए लिए लखनऊ ले जाकर अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ नीरज यादव ने बताया कि डंपर मालिक प्रयागराज का है। चालक की तलाश की जा रही है। डा.राकेश सिंह व प्रमुख प्रेमलता सिंह ने एसपी समेत सभी सहयोगियों का आभार जताया।
यह भी पढ़ें:-योगी सरकार ने जारी किया हॉलीडे कैलेंडर, सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा साल में 122 दिनों का अवकाश, जानिए कैसे
