मुरादाबाद : तीन राज्यों में जीत पीएम मोदी की गारंटी पर जनता की मुहर
राजनीति आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा और प्रचंड बहुमत से जीतेगी, कांग्रेस-सपा पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने साधा निशाना
मुरादाबाद,अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि तीन राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पार्टी की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी व उनकी सरकार की नीति पर जनता की मुहर है। आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत फिर होगी और नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
लोकनिर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इंडिया गठबंधन को बेमेल बताया। कहा कि इनका एजेंडा अपने परिवार को बढ़ावा देना है। यह परिवार को भ्रष्टाचार से बचाने में लगे हैं। इनकी विचारधारा सामान्यतया अलग है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा सनातन का अपमान करना रहा है। विधानसभा चुनाव में मिले जनता के जनादेश का सम्मान सभी दलों को करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा करना स्वस्थ लोकतंत्र के हित में नहीं है। कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटें भाजपा जीतेगी। इसके लिए हम काम कर रहे हैं। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर जीत हासिल करेंगे। कांग्रेस, सपा पर तंज कसा। कहा कि इनकी कोई विचारधारा नहीं है। यह स्वार्थ के नाम पर चुनाव में एकजुट होते हैं और फिर बिखर जाते हैं। सरकार के जन कल्याणकारी कार्यों और विकास को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। उन्होंने तीन राज्यों में भाजपा को जिताने के लिए जनता का आभार जताया।
जीत से बढ़ा भाजपा नेताओं का हौसला, लोकसभा चुनाव में दमदारी से उतरने की तैयारी
मुरादाबाद। मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में मिली जीत से भाजपा नेताओं का हौसला बढ़ गया है। अब वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत के लिए और दमदारी से उतरने की तैयारी में हैं। मुरादाबाद की हारी सीट पर फिर कमल खिलाने में पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी बैठकों में मार्गदर्शन कर रहे हैं। रविवार को आए चार राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम में तीन मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत पर भाजपा नेता गदगद हैं। मोदी की गारंटी जीत की गारंटी का दावा कर अब वह लोकसभा चुनाव की तैयारी में और दमदारी से जुटने काे उत्साहित हैं।
हालांकि जिले में छह में से पांच विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। लेकिन, केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और मोदी की गारंटी के दम पर वह जीत के प्रति अब पूरी तरह आश्वस्त हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल का कहना है कि विरोधियों के पास न तो नेता हैं और न नीति, जनता ही हमारी ताकत है। मोदी की गारंटी जनता स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि वोटर चेतना अभियान में अधिक से अधिक मतदाताओं को जोड़ा गया है। अब आनलाइन प्रक्रिया से भी मतदाताओं को जोड़ने का काम पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता कर रहे हैं। बूथ जीता चुनाव जीता के मूलमंत्र पर पार्टी काम कर रही है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: हाईवे स्थित होटल में रिसेप्शन पार्टी में जमकर मारपीट, नौ गिरफ्तार
