मुरादाबाद : परिवहन निगम प्रबंधन जुटा रहा 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं का आंकड़ा
मुफ्त यात्रा सुविधा : रोडवेज बसों से यात्रा करने वाली ऐसी महिलाओं की अनुमानित संख्या का स्टेशन प्रभारियों से प्रबंधन ने मांगा विवरण
पीतल नगरी डिपो पर बस में चढ़ते यात्री।
मुरादाबाद,अमृत विचार। नये साल में 60 वर्ष या इससे ऊपर की महिलाओं को प्रदेश सरकार ने रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने की घोषणा की है। इसको लागू करने से पहले रोडवेज की बसों में 60 वर्ष आयु वाली महिलाओं के सफर करने की अनुमानित संख्या का आंकलन करने में प्रबंधन जुट गया है। स्टेशन प्रभारियों से इसका विवरण देने को कहा गया है।
मुरादाबाद परिवहन निगम प्रबंधन द्वारा ऐसी महिलाओं का आंकड़ा मांगे जाने के बाद स्टेशन प्रभारी व अन्य संबंधित कर्मचारी डेटा तैयार करने में लगे हैं। सरकार की इस घोषणा का लाभ नये साल में 60 वर्ष अधिक उम्र वाली महिलाओं के लिए उपहार साबित होगा। वृद्ध महिलाएं चारों धाम से लेकर रिश्तेदारों के घर बिना पैसा खर्च किए जा सकेंगी। क्षेत्रीय प्रबंधक स्तर से ब्योरा मांगे जाने के बाद परिक्षेत्र के 8 डिपो के कर्मचारी बसों में प्रतिदिन सफर कर रही 60 वर्षीय महिलाओं की अनुमानित संख्या के आंकड़े जुटा रहे हैं। 10 दिसंबर तक विवरण शासन को भेजा जाना है। परिवहन निगम पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार को सरकार वार्षिक प्रतिकर की एक करोड़ रुपये की धनराशि अदा करेगी।
पहले रक्षा बंधन पर महिलाओं के लिए यात्रा फ्री की गई। अब 60 वर्ष की महिलाओं के लिए सफर फ्री करके अच्छा किया है। कभी-कभी पैसे की दिक्कत आड़े आती थी तो बेटी के घर जाने में भी सोचना पड़ता था। -सरेश देवी, लाइनपार
रामपुर अक्सर बेटी से मिलने जाना होता है। जिसके लिए बेटों से पैसे मांगने पड़ते हैं। कभी होते हैं तो मिल जाते हैं, पैसा नहीं होने पर मन मारना पड़ता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस फैसले से बड़ी राहत मिलेगी।-फरा जहां, करूला
पिछले कई साल से हरिद्वार जाने लिए सोच रही हूं। पर घर के खर्च ही इतने होते हैं कि हर बार सोचती रह जाती हूं। सरकार ने सफर फ्री कर दिया है तो अब हरिद्वार जाकर गंगा स्नान कर लूंगी।-कमलेश रानी, प्रभात मार्केट
सरकार ने घोषणा तो कर दी है पूरी हो तब देखें। 60 वर्ष में शरीर कहीं सफर करने लायक नहीं रहता। उम्र सीमा 50 वर्ष करनी चाहिए थी। जिससे देव भूमि पर धार्मिक स्थलों पर जा सकें।-रामवती, हरथला
निगम मुख्यालय से 10 दिसंबर तक रोडवेज बसों में सफर करने वाली 60 वर्ष या इससे अधिक उम्र की महिलाओं का आंकड़ा मांगा है। इसे तैयार करा रहे हैं। आंकड़ा लखनऊ निदेशालय भेजेंगे। 60 वर्ष की महिलाओं के लिए यात्रा फ्री हो जाएगी।-परवेज खान, क्षेत्रीय प्रबंधक
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : नये साल में पूरी होंगी 414.76 करोड़ की 10 परियोजनाएं, सड़कों में गड्ढों से महानगर की छवि हो रही धूमिल
