Kanpur: अतिक्रमण ढहाने गई नगर निगम टीम का विरोध… व्यापारियों ने सड़क जामकर की नारेबाजी, भेदभाव का लगाया आरोप
कानपुर में अतिक्रमण ढहाने गई नगर निगम टीम का विरोध किया गया।
कानपुर में अतिक्रमण ढहाने गई नगर निगम टीम का विरोध किया गया। पीरोड पर सड़क तक सजने वाली दुकानों को हटाने के दौरान हंगामा हुआ। व्यापारियों ने सड़क जामकर नारेबाजी की।
कानपुर, अमृत विचार। पीरोड में अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम का व्यापारियों ने विरोध कर दिया। नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए व्यापारियों ने पीरोड सड़क जाम कर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान आरोप लगाया कि टीम के लोग कुछ दुकानें छोड़ दे रहे हैं। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। हालांकि, इस दौरान व्यापारियों ने खुद ही फुटपाथ छोड़ दिया।
नगर निगम जोनल अधिकारी लालचंद सरोज ने बताया कि शिकायत के आधार जरीब चौकी से पीरोड तक अभियान चलाया गया था। अभियान की शुरुआत के साथ ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने आनन-फानन तुरंत ही फुटपाथ को खाली कर दिया। व्यापारी महेश मेघानी ने आरोप लगाया कि पीरोड चौराहे पर जूस की दुकान को छोड़ दिया गया।
नगर निगम ने भेदभाव पूर्ण कार्रवाई की। जिसका विरोध करते हुए व्यापारियों ने सड़क जाम कर दी। आरोप लगाते हुए बताया कि फुटपाथ पर लगी कुछ दुकानों को छोड़ दिया गया, जबकि वो पूरी तरह से अवैध हैं। स्थानीय व्यापारियों ने अभियान के दौरान कहा कि जहां पुलिस पिकेट बैठती हैं, वहां लगी जूस की दुकान को छोड़ दिया गया। विरोध को देखते हुए नगर निगम का दस्ता वापस लौट गया।
ये भी पढ़ें- UP Politics: बांदा में डिप्टी CM बृजेश पाठक बोले- बाहर से दवा मंगाने की शिकायत मिली… दंडित होंगे चिकित्सक
