मुरादाबाद : पीटीएस के सेवानिवृत फालोवर की गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) के सेवानिवृत फालोवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फालोवर मंगलवार की शाम एक फोन आने के बाद कुछ देर में घर लौटने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया …

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) के सेवानिवृत फालोवर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फालोवर मंगलवार की शाम एक फोन आने के बाद कुछ देर में घर लौटने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं हो सकी। सुबह ग्रामीणों ने उसका रक्तरंजित शव सड़क किनारे देखा तो पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। हत्या की यह वारदात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अगवानपुर की है। स्थानीय निवासी राधेश्याम पीटीएस में फालोवर थे। सेवानिवृत होने से पहले वह हिमगिरि कालोनी में रहते थे। बाद में अगवानपुर में रहने लगे। घर में उनकी पत्नी गीता देवी और तीन बच्चे हैं।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार की शाम एक फोन आने के बाद राधेश्याम साइकिल से घर से चले गए। पूछने पर बताया, ‘अभी घूमकर आ रहा हूं, लौटकर खाना खाऊंगा।’ पत्नी गीता देवी के अनुसार, करीब आठ बजे फोन किया तो आने की बात कही लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे। इसके बाद घबराए परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। कई दफा फोन मिलाया लेकिन रिसीव नहीं हुआ। सुबह करीब सात बजे परिजनों ने फिर फोन किया तो चौकी इंचार्ज ने फोन उठाकर पूरे मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि राधेश्याम का रक्तरंजित शव सड़क किनारे पड़ा है। गोली मारकर उनकी हत्या की गई है। यह सुनकर परिजनों के होश फाख्ता हो गए। रोते-बिलखते परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने मौजूदा समय में हिमगिरि में रहने वाले असमौली के हिस्ट्रीशीटर प्रेमपाल सिंह पर हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि करीब दो माह पहले वह शराब पीकर गाली-गलौच कर रहा था।

इस पर राधेश्याम ने विरोध किया था तो उसने हत्या की धमकी दी थी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी लेकिन वह हत्थे नहीं लगा। हालांकि, आरोपी के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में वह सुबह करीब पांच बजे कहीं जाता हुआ नजर आया। कोतवाल नवल मारवाह ने बताया कि आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर क्लू जुटाए।

संबंधित समाचार