सुलतानपुर: मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
दादी नाती पर गोली चलाने वाले हमलावरों में से मुठभेड़, बाइक, असलहा, खोखा बरामद
करौदीकला/सुलतानपुर, अमृत विचार। करौदीकला पुलिस ने मंगलवार की रात मुठभेड़ के दौरान एक लुटेरे को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरसअल 15 नवम्बर को जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र उसरौली गांव निवासी दुर्गावती अपने नाती अतुल पाल की बाइक से दवा लेने प्रतापगढ़ जा रही थी। जैसे ही वह लोग जिले के करौंदी कला थाना क्षेत्र के बांगरखुर्द के समीप पहुंचे थे। तभी तीन बाइक सवार अज्ञात लोगों ने नाती को रोकते हुए गोली मार दी।
बीच बचाव में पहुंची दादी पर भी फायर झोंक दिया। लोगों को एकत्रित होता देख बाइक सवार भाग लिए थे। सूचना पर पहुंची करौंदी कला पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामले के खुलासे के लिए करौंदी कला थानाध्यक्ष अकरम खान लगे हुए थे।
मंगलवार की रात थानाध्यक्ष अकरम खान संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कटघरे चौहान ग्राउंड पर कर रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे अपाचे बाइक सवार को जब पुलिस ने रोकना चाहा तो पुलिस पर फायरिंग करने लगा। बचाव में पुलिस ने फायरिंग की तो आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ के घायल आरोपी ने अपना नाम गोलू लोना निवासी मेवपुर बरचौली थाना करौंदी कला बताया।
बीते 15नवम्बर को बागरखुर्द में महिला व नाती को गोली मारने की बात भी बताई। घायल आरोपी को एंबुलेस से कादीपुर भेजा गया। एसएचओ अकरम खान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ जिले सहित प्रदेश के अन्य थानों में 9 मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से एक अपाचे बाइक, एक 315 बोर अवैध तमंचा, एक खोखा बरामद हुआ है। बाकी दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
ये भी पढ़ें -हरदोई के शाहाबाद में हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
