15 साल पुरानी प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत, सर्जिकल ब्लेड से गोदकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

15 साल पुरानी प्रेम कहानी का हुआ दर्दनाक अंत, सर्जिकल ब्लेड से गोदकर पत्नी को उतारा मौत के घाट

लखनऊ, अमृत विचार। 15 वर्ष पहले शुरू हुई प्रेम कहानी से शादी के बंधन में बंधी महिला के दांपत्य जीवन में सट्टा और शराब की लत ने जहर घोल दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि नौबत कहासुनी से गाली गलौज और मारपीट के बाद हत्या तक पहुंच गयी। पति ने पत्नी की हत्या कर दी, इससे दो बच्चों के सिर से मां का आंचल सदा के लिए छिन गया। बच्चों को रोते देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

चोरघाटी निवासी आनंदेश्वर अग्रहरि ने नाका निवासी संध्या से वर्ष 2008 में प्रेम विवाह किया था। आनंदेश्वर का दुगावां चौकी के पास क्लीनिक है। शादी के बाद दोनों प्रसन्न थे। उनके दो बेटे हैं, 14 वर्षीय तनिष्क और 9 वर्षीय शौर्य। बड़ा बेटा तनिष्क मूक बधिर है। इसके चलते वह घर पर ही रहता है। संध्या के भाई अमन ने बताया कि शादी के कुछ वर्ष बाद ही जीजा का बर्ताव बदलने लगा। वह सट्टेबाजी और शराब के लती हो गए। वह गहने व सामान बेचकर सट्टा खेलता था। 

बहन इसका विरोध करती तो मारपीट करते। हम लोगों ने कई बार समझाया लेकिन उसकी आदतों में सुधार नहीं हो रहा था। बहन इससे काफी आहत थी। उसे बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही थी। लगातार समझाने व मान मनौव्वल के बाद भी आनंदेश्वर अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहा था। वह रोजाना नशे में धुत होकर घर पहुंचता और संध्या से मारपीट करता था।

बेटे का स्कूल छोड़ने के बाद हत्या की आशंका

बड़ा बेटा मूक बधिर होने के चलते घर पर ही रहता है। दोनों बेटे अलग-अलग कमरे में रहते हैं। ऐसी आशंका है कि मंगलवार सुबह आनंदेश्वर छोटे बेटे शौर्य को स्कूल छोड़ आया था। जबकि बड़ा बेटा अपने कमरे में सो रहा था। इसी दौरान बेडरूम में उसने सर्जिकल ब्लेड से गोदकर संध्या की हत्या कर दी। पड़ोसियों का कहना है कि सोमवार रात को दंपती के बीच काफी विवाद हुआ था।

कमरे में खाली मिले गहनों के बाक्स

कमरे की अलमारी खुली मिली और गहनों के बाक्स खाली मिले हैं। ऐसी आशंका है कि आरोपी हत्या के बाद गहने व रुपये लेकर फरार हुआ है। पुलिस के अनुसार साजिश रचने के बाद हत्या की गई है। सीसीटीवी कैमरे डीवीआर गायब हैं। आनंदेश्वर के घर से एक प्रेस कार्ड व एमआर (मेडिकल रिप्रेंजिटेटिव) का कार्ड भी मिला है।

पापा बोले- भइया का ख्याल रखना

शौर्य ने बताया कि जब पापा स्कूल आये तो परेशान दिखे। घर पर छोड़कर जाते समय कहा कि भैया का ख्याल रखना, लड़ाई मत करना। मायके वालों ने बताया कि एक वर्ष पहले भी उसने घर के जेवर बेचकर सट्टा खेला था। इसका विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। तब पुलिस ने समझौता करा दिया था।
 
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि महिला की गर्दन कटी थी। दीवार और बेड पर खून पड़ा हुआ था। लाेगों ने बताया कि दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार संध्या के गले पर आगे व पीछे निशान हैं। इसके अलावा हाथों पर भी जख्म के निशान हैं। घटना स्थल के हालात देखकर लगता है कि दोनों में हाथापाई हुई है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: कार की मांग पूरी न होने पर पत्नी को दिया तीन तलाक, पुलिस ने दर्ज की FIR

ताजा समाचार