Hamirpur News: सीवर टैंक में गिरा सिपाही… मौत, बचाने में सगे भाई की भी चली गई जान, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर में टेढ़ा गांव में सीवर टैंक में गिरने से सिपाही व उसके सगे भाई की मौत।

हमीरपुर में टेढ़ा गांव में सीवर टैंक में गिरने से सिपाही व उसके सगे भाई की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू की।

हमीरपुर, अमृत विचार। भरुआ सुमेरपुर थानाक्षेत्र के टेढ़ा गांव में सीवर टैंक का ढक्कन टूटने से सिपाही टैंक के अंदर घुस गया। बचाने के लिए उसका बड़ा भाई टैंक में कूद गया। लगभग एक घंटे तक दोनों के टैंक में फंसे रहने से बेहोश हो गए। गंभीर हालत में दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।

टेढ़ा गांव निवासी लालबहादुर उर्फ कल्लू (32)पुत्र कलकू कुशवाहा मौजूदा समय में कौशांबी जनपद के मंझनपुर थाने में आरक्षी पद पर  तैनात था। एक हफ्ते पूर्व वह छुट्टी पर गांव आया हुआ था और घर में पुराने सीवर टैंक को बनवाने के लिए बड़े भाई ग्राम पंचायत सदस्य रामसेवक उर्फ भूरा (35 )के साथ टैंक के ऊपर खड़े होकर सलाह मशविरा कर रहे थे। तभी सीवर टैंक का ढक्कन टूट गया और वह उसके अंदर गिर गया।

टैंक में छोटे भाई के गिर जाने पर बड़ा भाई रामसेवक उर्फ भूरा उसे बचाने के लिए टैंक में कूद गया। लेकिन टैंक में गंदगी व गैस भरी होने के कारण दोनों लोग उसमें डूब गए। इन दोनों को बचाने के लिए परिजनों ने कड़ी मशक्कत की लेकिन सफल नहीं हुए। बाद में जेसीबी मशीन ने टैंक को तोड़ कर करीब एक घंटे बाद टैंक से बाहर निकाले गए। दोनों को बेहोशी हालत में टैंक के बाहर निकल गया और आनन फानन में निजी वाहन से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

जहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा तरुण पाल व डा परवेज कादरी ने दोनों का गहन परीक्षण किया और उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक रामसेवक अपने पीछे पत्नी सुनीता, पुत्री खुशी व पलक व पुत्र मोहित पिता कलकु व माता रामसखी को रोता बिलखता छोड़ गया। वहीं आरक्षी अभी अविवाहित है।  

बड़ा भाई शत्रुघ्न कुशवाहा ने बताया कि  घर में निर्माण कार्य होना था। इसी को लेकर दोनों छोटे भाई आपस में चर्चा कर रहे थे। तभी लालबहादुर टैंक के ढक्कन टूट जाने से उसमें गिर गया और उसे बचाने के लिए रामसेवक भी उसमें कूद गया। जिससे यह हादसा हो गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: पुलिस आयुक्त ने किया महराजपुर थाने का निरीक्षण, कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

संबंधित समाचार