मुरादाबाद : हत्यारोपी प्रेमिका का मामा गिरफ्तार
मुरादाबाद, अमृत विचार। करीब तीन माह तक पुलिस को छकाने के बाद आखिरकार हत्योरापी ‘शुक्ला जी मामा’ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सिविल लाइंस पुलिस का दावा है कि हत्यारोपी को फव्वारा चौक से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। मामले में मृतक की प्रेमिका और मां को पहले …
मुरादाबाद, अमृत विचार। करीब तीन माह तक पुलिस को छकाने के बाद आखिरकार हत्योरापी ‘शुक्ला जी मामा’ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सिविल लाइंस पुलिस का दावा है कि हत्यारोपी को फव्वारा चौक से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है। मामले में मृतक की प्रेमिका और मां को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्रेम प्रसंग में हत्या की यह वारदात करीब तीन माह पहले सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में ग्राम शेरुआ धर्मपुर में हुई थी। गांव निवासी भूपाल सिंह एक फैक्ट्री में काम करते हैं। उनका बेटा रंजीत भी उसी फैक्ट्री में काम करता था। बीस जून को रंजीत कश्यप अचानक घर से गायब हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। इसके तीन दिन बाद पुलिस ने रंजीत का शव फैक्ट्री के पास एक खेत से बरामद कर लिया था। रंजीत की गोली मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने जब रंजीत की काल डिटेल निकलवाई तो मालूम हुआ कि गायब होने से पहले काफी देर तक उसकी गांव में रहने वाली वैशाली से बात हुई थी। पुलिस ने वैशाली को हटाया तो उसने कबूल कर लिया कि रंजीत के साथ उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हालांकि, वैशाली ने घटना के संबंध में जानकारी होने से इंकार कर दिया था।
पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो वैशाली ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। उसने बताया था कि उसकी मां गुड्डी और शुक्ला मामा के साथ मिलकर उसने गोली मारकर रंजीत की हत्या की थी। पुलिस ने वैशाली और उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था जबकि मामा फरार हो गया था।
इसके बाद पुलिस आरोपी मामा की तलाश में जुट गई। गोरखपुर से लेकर कई शहरों की पुलिस ने खाक छानी लेकिन आरोपी मामा चकमा देता रहा। मंगलवार की शाम पुलिस ने उसे फव्वारा चौक से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल नवल मारवाह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी ग्राम शेरुआ धर्मपुर निवासी विनीत कुमार शुक्ला उर्फ मुन्नालाल है। आरोपी का चालान कर दिया गया है।
