ममता बनर्जी पर गिरिराज सिंह की टिप्पणी के खिलाफ तृणमूल की महिला सांसदों का संसद भवन परिसर में प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला सांसदों ने बृहस्पतिवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। तृणमूल की महिला सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिनमें गिरिराज सिंह को बर्खास्त करने की मांग की गई थी।

ये भी पढ़ें - प्रेम विवाह में अनिवार्य हो माता-पिता की सहमति, ‘लिव-इन’ पर रोक के लिए बने कानून : भाजपा सांसद

तृणमूल की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने कहा, ‘‘हमने कल बयान सुना जो पूरी तरह शर्मनाक, नारी विरोधी और पितृ सत्तात्मक था। केंद्रीय मंत्री देश की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री पर टिप्पणी कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्या इस तरह की भाषा का इस्तेमाल होना चाहिए। भाजपा और उसके मंत्रियों के साथ यही समस्या है।’’ मोइत्रा ने आरोप लगाया, ‘‘वे महिलाओं को पसंद नहीं करते। वे महिलाओं को ऊंचे पदों पर नहीं देख सकते।

उनके मूल में ही नारी विरोध है।’’ मोइत्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिंह का एक साक्षात्कार साझा किया है, जिसमें उन्हें बनर्जी का उल्लेख करते हुए सुना जा सकता है, ‘‘जश्न मना रही है, ठुमके लगा रही है, ये उचित नहीं है।’’ तृणमूल कांग्रेस के अनेक नेताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में शामिल होने पर उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर गिरिराज सिंह की आलोचना की।

तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने बुधवार को सदन में देश की आर्थिक स्थिति पर एक चर्चा के दौरान इस मुद्दे को उठाया था। तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा में दो महिला सदस्य और लोकसभा में सात महिला सदस्य हैं।

ये भी पढ़ें - आंध्र प्रदेश: चक्रवात ‘मिगजॉम’ से हजारों एकड़ की फसल बर्बाद, किसानों का भारी नुकसान

संबंधित समाचार