बरेली: फरीदपुर के एसएसओ की लापरवाही से गई संविदाकर्मी शेर सिंह की जान
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर इलाके में गांव मकसूदनपुर में सप्ताह भर पहले बिजली विभाग के संविदा कर्मी शेर सिंह की मौत फरीदपुर सबस्टेशन पर तैनात एसएसओ की लापरवाही से हुई थी। बिजली विभाग के एक्सईएन और तहसीलदार की अलग-अलग जांच में इसका खुलासा हुआ है। फरीदपुर की उपजिलाधिकारी की ओर से दोनों जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजकर एसएसओ के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
रसुइया गांव के पास एक दिसंबर को गांव नवदिया देहा निवासी संविदा लाइनमैन शेरसिंह की उस वक्त करंट लगने से मौत हो गई थी जब वह भिंडौलिया फीडर की लाइन पर फाल्ट ठीक कर रहे थे। शेर सिंह कार्यदायी संस्था मेसर्स बैसिल कंपनी में संविदाकर्मी के रूप में 33/11केवी सबस्टेशन फरीदपुर ग्रामीण के 11केवी भिंडौलिया फीडर पर तैनात थे। फरीदपुर की उपजिलाधिकारी निधि डोडवाल ने जिलाधिकारी को बिजली विभाग के एक्सईएन और तहसीलदार फरीदपुर की ओर से अलग-अलग की इस घटना की जांच रिपोर्ट भेजी है।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन और फरीदपुर उपखंड के एसडीओ की जांच रिपोर्ट के मुताबिक भिंडौलिया फीडर की लाइन में हुए फाल्ट को दूर करने के लिए बैसिल कंपनी के राजीव पाठक ने सुबह करीब नौ बजे शटडाउन लिया था। करीब 10.30 बजे शेर सिंह के अलग-अलग स्थानों पर फाल्ट ठीक करने के लिए सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) राजेश चंद्र सक्सेना ने शटडाउन लिया था।
राजीव पाठक ने काम पूरा करने के बाद अपना शटडाउन सुबह करीब 11.15 बजे वापस लिया था। एसएसओ को दोनों लाइनमैन के शटडाउन के लिए भिंडौलिया फीडर के पैनल पर दो शटडाउन प्लेट लगानी थी लेकिन उन्होंने एक ही शटडाउन प्लेट टांगी। इस कारण राजीव पाठक के शटडाउन वापस लेते ही फीडर पर सप्लाई चालू कर दी गई और लाइन पर काम कर रहे शेर सिंह की करंट से मौत हो गई।
तहसीलदार फरीदपुर ने एक दिसंबर को घटना के फौरन बाद जांच की थी। उनकी रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना दैवीय आपदा का मामला नहीं है। उन्होंने रिपोर्ट में शेर सिंह के बेटे के उस बयान का भी जिक्र किया है कि जिसमें कहा गया था कि उनके पिता ने नियमानुसार फरीदपुर सबस्टेशन से 11 केवी लाइन पर शटडाउन लिया था, लेकिन लाइन ठीक करते समय फरीदपुर सबस्टेशन से किसी ने सप्लाई चालू कर दी जिससे उनके पिता की मौत हो गई।
उपजिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता और तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर एसएसओ राजेश चंद्र सक्सेना के विरुद्ध कार्रवाई करने की संस्तुति की है। घटना की विद्युत सुरक्षा निदेशालय के उप निदेशक की ओर से भी जांच की जा रही है।
ये भी पढे़ं- बरेली: इस सप्ताह बढ़ेगी ठंड, पारा सात डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान
