बरेली: इस सप्ताह बढ़ेगी ठंड, पारा सात डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान
बरेली, अमृत विचार। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के बाद से मौसम में बदलाव हो रहा है। इसी की वजह से सुबह और शाम को ठंड बढ़ गई है। जिले में गुरुवार को दिन में धूप खिलने के साथ बादल छाए रहे। दिन में ठंडी हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार इसे बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान मिचौंग का प्रभाव मान सकते हैं। यह प्रभाव शुक्रवार तक रहने का पूर्वानुमान है। इस सप्ताह तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान है। गुरुवार को जिले में अधिकतम तापमान एक डिग्री की गिरावट के साथ 25.5 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 6-8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चली।
पंतनगर यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान के चलते पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसका असर जिले में देखने को मिल रहा है। शुक्रवार से बादल छंटना शुरू हो सकते हैं, जिससे कोहरा और धूप का प्रभाव बढ़ने लगेगा। दो दिन तक मौसम सामान्य रहने के बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ के साथ आने वाली हवाएं रविवार या सोमवार से गलन बढ़ा सकती हैं। इस दौरान औसतन अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का पूर्वानुमान है।
ये भी पढे़ं- बरेली: सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर 22 वीर सैनिक आश्रितों को किया सम्मानित
