लखनऊ : अधिवक्ता ने लगाया पूर्व मंत्री के सुरक्षा कर्मियों पर पीटने का आरोप, मेडिकल जांच करा रही पुलिस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। पीजीआई इलाके में पूर्व मंत्री के सुरक्षा कर्मियों पर अधिवक्ता ने मारपीट करने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पीड़ित को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। पुलिस के अनुसार विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पूरी घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। 

रायबरेली रोड के पंचमखेड़ा में रहने वाले अधिवक्ता आशुतोष कुमार ने बताया कि गुरुवार रात वह वीआईपी रोड से होते हुये घर जा रहे थे। वह तेलीबाग चौराहा के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान चौराहे से पूर्व मंत्री एवं विधायक के वाहनों का काफिला गुजर रहा था। इसके चलते वहां  पर जाम लग गया। पूर्व मंत्री ने अपने काफिले की गाड़ियों को निकालने के लिए सुरक्षा कर्मियों को इशारा किया। इसके बाद उनके सुरक्षाकर्मियों ने पीड़ित को गाड़ी से खींचकर जमकर पीटा और चले गये। पिटाई से अधिवक्ता घायल हो गया। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। पीड़ित का मेडिकल कराया जा रहा है। 

ये भी पढ़ें -यूपी में 1625 नए रूटों पर चलेगी रोडवेज की बसें, परिवहन निगम ने भेजा प्रस्ताव

संबंधित समाचार