संध्या हत्याकांड : हत्यारोपी पति मोबाइल कर रहा है ऑन-ऑफ, पूर्वांचल की मिल रही लोकेशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। तीन दिन पहले पत्नी की हत्या कर फरार हुआ आरोपी फिजियोथेरेपिस्ट पूर्वांचल की तरफ बढ़ रहा है। अयोध्या के बाद अंबेडकर नगर में उसकी लोकेशन मिली। वह 50- 60 किलोमीटर दूरी तय कर कुछ देर के लिए मोबाइल ऑन करता है और फिर ऑफ कर देता है। डीसीपी पश्चिमी राहुल राज ने बताया कि टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के रोशन नगर निवासी आनंदेश्वर अग्रहरि ने मंगलवार को पत्नी संध्या की हत्या कर दी थी। सूत्रों का कहना है कि आनंदेश्वर ने घर से निकलने के बाद अपना मोबाइल आलमबाग में बंद कर लिया था। इसके बाद से वह पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार लोकेशन बदल रहा है। हर बार करीब एक घंटे बाद मोबाइल ऑन कर बाजारखाला निवासी दोस्त को कॉल कर बातें करता है। इसके चंद मिनट बाद ही उसी लोकेशन पर माेबाइल बंद कर देता है। इसके बाद करीब 50 से 60 किलोमीटर दूरी तय करने के बाद मोबाइल पुन: ऑन कर बातें करता है। घटना के बाद से अब तक अयोध्या, अंबेडकर नगर में उसकी लोकेशन मिली है। सूत्रों का यह भी कहना है कि आनंदेश्वर जिस दोस्त से मोबाइल फोन पर बात करता है, पुलिस जल्द ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ करेगी। डीसीपी का कहना है कि चार टीमें लगाई गई हैं। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सीसीटीवी फुटेज से कार बरामद
पुलिस ने हत्यारोपी के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में आरोपी कार से जाता दिखा। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की कार टिकैतराय तालाब के पास से बरामद की है। अभी तक की पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया यह सामने आया है कि आरोपी ने अकेले ही पत्नी की हत्या की। पुलिस को तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में वह घटना के बाद से अकेला ही दिख रहा है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह की गुत्थी सुलझेगी।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : अधिवक्ता ने लगाया पूर्व मंत्री के सुरक्षा कर्मियों पर पीटने का आरोप, मेडिकल जांच करा रही पुलिस

संबंधित समाचार