रायबरेली: सलोन में बंद कराई गई मीट की दुकानें, भाजपा विधायक ने चलाया अभियान
सलोन/रायबरेली, अमृत विचार। सलोन विधायक अशोक कोरी ने सलोन कस्बे में संचालित अवैध मीट की दुकानों को तत्काल बन्द कराने के निर्देश दिए हैं। विधायक के निर्देश को तत्काल अमलीजामा पहनाते हुए एसडीएम और सीओ सलोन ने पावर हाउस के समीप स्थित सभी मीट की दुकानों को बन्द करवा दिया है। विधायक ने बताया कि बगैर लाइसेंस मीट की दुकानें नहीं लगेगी।
राजस्थान के विधायक बालमुकुंद आचार्य की तर्ज पर सलोन विधानसभा के विधायक अशोक कोरी भी चल रहे है। शुक्रवार को सलोन कस्बे पहुंचे विधायक अशोक कोरी ने एसडीएम आशुतोष राय और सीओ वंदना सिंह को पावर हाउस के समीप बुलाया। उन्होंने निर्देशित किया कि कस्बे और क्षेत्र में जितनी भी अवैध तरीके से मीट की दुकानें संचालित है उन्हें तत्काल बन्द कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा की बगैर अनुमति के अगर मीट की दुकानें संचालित होती पाई जाती है तो सम्बंधित विभाग उनपर तुरंत कार्यवाही करें। विधायक के आदेश पर स्थानीय पुलिस बल ने बिजली घर,एसडीएम कोर्ट,ऊंचाहार मार्ग आदि स्थानों पर अवैध तरीके से खुली मीट की दुकानों को बन्द कराया है।
यह भी पढ़ें;-रायबरेली: लालगंज पुलिस की रिमांड को दीवानी मजिस्ट्रेट ने किया खारिज, मुलजिम को निजी मुचलके पर छोड़ा
