Kanpur: लोन दिलाने का दिया झांसा, 100 से अधिक महिलाओं के रुपये लेकर कंपनी फरार, आक्रोशित लोगों ने रोड जाम कर किया हंगामा
कानपुर में महिला समूह को लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी।
कानपुर में महिला समूह को लोन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी। 100 से अधिक महिलाओं का रुपये लेकर कंपनी फरार हो गई। महिलाओं ने रोड जाम कर हंगामा किया।
कानपुर, अमृत विचार। रोजगार के लिए एक लाख रुपये लोन दिलाने के नाम पर फाइनेंस कंपनी करीब 100 महिलाओं के लगभग चार लाख रुपये लेकर फरार हो गई। लोन लेने पहुंची महिलाओं को कंपनी में ताला लटका मिला।
कर्मचारियों के फोन मिलाने नंबर बंद मिले, जिसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। महिलाओं ने किदवई नगर थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज महिलाओं ने रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जूही सफेद कालोनी निवासी अर्शदी बेगम ने बताया कि तिवारी मार्केट में मनी माइक्रो नाम की फाइनेंस कंपनी थी। जिसके विजय नाम के कर्मचारी ने 10 महिलाओं का समूह बनाकर प्रत्येक महिला को रोजगार के लिए एक लाख रुपये लोन दिलवाने की बात कही थी। जिस पर कालोनी निवासी ग्रुप लीडर रेश्मा, मुस्कान, ममता, फराह, गुड़िया व शबाना समेंत कई महिलाओं ने 10-10 महिलाओं का समूह बनाया था।
महिलाओं ने एक लाख लोन के एवज में 300 रुपये फाइल चार्ज व चार हजार रुपये पहली किस्त के रुप में जमा की थी। महिलाओं ने बताया कि पैसा जमा करने के बाद शुक्रवार को फाइनेंस कंपनी ने लोन स्वीकृत होने की बात कही थी।
शुक्रवार को महिलाएं कंपनी पहुंची तो वहां ताला लगा हुआ था। काफी इंतजार के बाद भी कर्मचारियों के न आने पर महिलाओं ने कर्मचारियों को फोन किया तो नंबर बंद बताने लगा, जिस पर महिलाओं को ठगी का अहसास हुआ।
आरोप है कि किदवई नगर थाने में शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की। जिस पर आक्रोशित महिलाओं ने फाइनेंस कंपनी के बाहर रोड जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामें की सूचना पर किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
