बरेली: डीएम के आदेश पर एसएनसीयू की सेवाएं शुरू, पहले दिन तीन बच्चे भर्ती
बरेली, अमृत विचार। डीएम के आदेश के बाद जिला महिला अस्पताल में बंद चल रहीं एसएनसीयू की सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवार को एसएनसीयू में तीन बच्चों को भर्ती किया गया। इससे बीमार बच्चों के परिजन राहत महसूस कर रहे हैं।
एसएनसीयू में 28 नवंबर को शार्ट सर्किट से आग लग गई थी। डीएम रविंद्र कुमार ने मामले में जांच के आदेश दिए थे। साथ ही यहां बच्चों को भर्ती किए जाने पर भी रोक लगा दी थी। जांच की जिम्मेदारी विद्युत सुरक्षा विभाग को दी गई थी।
गुरुवार को विभाग ने मामले की जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। इसके बाद डीएम ने एसएनसीयू में नवजातों को भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद ने रात में ही यूनिट का निरीक्षण कर बिजली सप्लाई संबंधी जो भी खामियां थीं, उन्हें दुरुस्त कराया। दरअसल, एसएनसीयू की सेवाएं बंद होने के कारण गंभीर बच्चों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ रहा था।
तकनीकी स्टाफ को नोटिस, जवाब तलब
सूत्रों के अनुसार विद्युत सुरक्षा विभाग की ओर की गई जांच में जो मुख्य अनियमितता बताई गई है। इसमें यूनिट कॉरिडोर में जहां आग लगी थी, वहां कुछ दिन पूर्व पंखा टांगने के लिए ड्रिल करने की वजह से केबल पर लगा इंसुलेटर कट गया था।
इस कारण शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिल गई है। इस संबंध में सीएमएस ने नोटिस जारी कर तकनीकी स्टाफ से स्पष्टीकरण मांगा है।
एसएनसीयू में बच्चों को भर्ती करना शुरू कर दिया गया है। वहीं आग लगने के मामले में तकनीकी स्टाफ से नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। - डॉ. त्रिभुवन प्रसाद, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल।
ये भी पढ़ें - बरेली: आरपीएफ सिपाही ने की खुदकुशी, कमरे में मिला शव
