बरेली: इमाम की तैनाती को लेकर दो पक्ष भिड़े, पथराव किया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

भोजीपुरा, अमृत विचार। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव सरोरा में मस्जिद में इमाम की तैनाती को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने छतों से पथराव किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में तीस लोगों को मुचलके से पाबंद किया गया है और और गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस की मौजूदगी में जुमे की नमाज अदा की गई। गांव वालों ने बताया सभी की सहमति से इमाम जुबैर रजा को मस्जिद में नमाज पढ़ाने को रखा गया था।

धीरे-धीरे गांव के कुछ लोग इमाम के विरोध में आ गए और नमाज पढ़ना भी छोड़ दी, जबकि दूसरे लोग इमाम को रखना चाहते थे। इसी बात विवाद को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

शुक्रवार को दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा और पथराव कर दिया। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर क्राइम सुरेश चंद्र गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत किया। दोनों पक्षों से चार लोगों को हिरासत में लिया है।

भोजीपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जगत सिंह ने बताया गांव से दोनों पक्षों के 30 लोगों को मुचलके पाबंद कर लिया गया है और उन्होंने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों को मुख्य आरोपी मानते हुए आजम, आरिफ और इरशाद, नफीस अहमद का शांति भंग में चालान भी किया है। गांव में आगे कोई बवाल न हो इसी को देखते हुए इमाम जुबैर रजा मस्जिद छोड़कर चले गए। मस्जिद में शुक्रवार को जुमे की नमाज भी इंस्पेक्टर क्राइम सुरेश चंद्र गौतम ने शांति पूर्ण कराई।

ये भी पढ़ें:  बरेली: दूसरे दिन स्टाफ ने कई प्रतियोगिताओं में मारी बाजी

संबंधित समाचार