बरेली: शाही, शीशगढ और शेरगढ़ में सीसीटीवी कैमरों से 3800 संदिग्ध किए चिह्नित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शाही और शीशगढ़ में छह महीने में हुई नौ महिलाओं में से सात का खुलासा अब तक पुलिस नहीं कर सकी है। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने अब तक क्या किया, इस संबंध में आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में दोनों थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया क्षेत्र के प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति पर नजर बनाए रहें। बैठक में बताया गया कि अब तक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से 3800 संदिग्ध लोगों के फोटो स्कैन किए गए हैं। बैठक में आईजी ने एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान से प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली।

एसएसपी ने बताया कि शाही, शेरगढ़ और शीशगढ़ क्षेत्र में जनसहयोग से 545 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। शाही क्षेत्र के हल्दी कलां गांव में पुलिस चौकी का निरीक्षण किया। यहां पर एक एसआई और छह आरक्षियों की नियुक्ति की गई है।

आरोपियों को पकड़ने के लिए 16 टीमों को लगाया गया है। लोगों व महिलाओं को पुलिस कर्मी लगातार जागरूक कर रहे हैं। बैठक में एसपी अपराध मुकेश प्रताप सिंह, मीरगंज सीओ शिखा अहिवरन सिंह, आनन्दपुर,खरसैनी व कुल्छा के ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

गांवों में बनाए गए वॉट्सएप ग्रुप
पुलिस कर्मियों ने वॉट्सएप ग्रुप बनाया है। जिसमें ग्राम प्रधान और संभ्रात व्यक्तियों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही 70 सुरक्षा कमेटियां बनाईं गई हैं, जिनमें 8-10 सदस्य हैं। इनकी प्रति सप्ताह बैठक की जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र के 82 मानसिक रोगियों का सत्यापन कराया गया है। सत्यापन के बाद मानसिक रोगियों को अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

पुलिस कर रही नदियों का भ्रमण
आईजी ने बताया कि शाही, शीशगढ़ और शेरगढ़ क्षेत्र में आने वाली नदियों में पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे से भी संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पिछले पांच वर्षों के अपराधियों की कुंडली भी खंगाली जा रही है।

मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाए
क्षेत्र के संदिग्ध लोगों के मोबाइल नंबर भी पुलिस ने सर्विलांस सेल पर लगाए हैं। कैमरों से 3800 सौ से अधिक संदिग्ध लोगों के फोटो स्कैन कराकर 170 का सत्यापन विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से कराया जा रहा है। बैठक के बाद आईजी ने पुलिस अधिकारियों को घटनाओं का खुलासा जल्द कराने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: बरेली: पोर्टल पर दर्ज नहीं हो रहे कब्जा मुक्त जमीनों के मामले...यह उचित नहीं

संबंधित समाचार