Kanpur News : इलेक्ट्रॉनिक दुकान मे लगी आग, सामान जलकर खाकर... मालिक की सदमे से मौत, जानें- पूरा मामला
कानपुर में दुकान मालिक की सदमे से मौत।
कानपुर के इलेक्ट्रॉनिक दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने से सामान जलकर खाक हो गया। वहीं, दुकान मालिक की सदमे से मौत हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। बिल्हौर कस्बे में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आस पड़ोस के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक दुकान में रखे इलेक्ट्रिक उपकरण जलकर राख हो गए। इधर, शनिवार सुबह दुकान मालिक की सदमे से मौत हो गई।
बिल्हौर कस्बा निवासी गिरजा शंकर मिश्रा की कस्बे में वनखंडेश्वर मंदिर के निकट जीटी रोड किनारे शंकर रेडियो के नाम से इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की मरम्मत की दुकान है। शुक्रवार सुबह दुकान से धुआं निकलता देख दुकान के पास से गुजर रहे लोगों को दुकान में आग लगे होने की जानकारी हुई। मामले की सूचना फोन कॉल कर दुकान मालिक के परिवार और स्थानीय पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में दुकान मालिक मौके पर पहुंच गए।
दुकान का शटर खोलने ही आग की तेज लपटें दुकान के बाहर तक आने लगी। इसी बीच कस्बा इंचार्ज कमल सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
आस पड़ोस के लोगों की मदद से पानी डालकर कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन तब तक दुकान में रखें इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण पूरी तरह से जलकर राख हो गए। वहीं आग बुझने के बाद आस पड़ोस के लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, शनिवार सुबह दुकान मालिक गिरजा शंकर मिश्रा की सदमे से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: ऑटो चालक ने कुत्ते के बच्चों को रौंदा... मौत, पुलिस ने चालक की शुरू की तलाश, देखें- VIDEO
