गोंडा : शरारती तत्वों ने तोड़ी देवी प्रतिमा, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के तुर्काडिहा गांव के मजरे भवानीसहाय पुरवा में बने दुर्गा मंदिर में स्थापित देवी की प्रतिमा को शुक्रवार की देर रात कुछ आसामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। शनिवार की सुबह गांव के लोगों को देवी प्रतिमा तोड़े जाने की जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई तो देहात कोतवाल व सीओ सिटी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। खंडित प्रतिमा को विसर्जन के लिए अयोध्या भेजा गया है। 

देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के तुर्काडीहा गांव के मजरे भवानी सहायपुरवा में स्थित काली माता स्थान पर दुर्गा माता का मंदिर बना हुआ है। मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित थी। शुक्रवार की रात को कुछ आसामाजिक तत्वों ने दो वर्गों में वैमनस्य फैलाने की नीयत से देवी प्रतिमा को तोड़ दिया और उसे मंदिर से नीचे धकेल दिया। सुबह जब गांव के लोग सोकर उठे तो मंदिर के प्रतिमा टूटी हुई जमीन पर पड़ी थी। प्रतिमा तोड़े जाने से गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना देहात कोतवाली पुलिस को दी गई तो प्रभारी कोतवाल अरुण कुमार अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी घटना की जानकारी ली। सीओ सिटी विनय कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। देहात कोतवाल ने बताया कि खंडित प्रतिमा को पुलिस सुरक्षा में विसर्जन के लिए अयोध्या भेजा गया है। मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गांव की स्थिति सामान्य है। अयोध्या से नई देवी प्रतिमा लाकर मंदिर में स्थापना करायी जायेगी। 

एक दशक पहले भी तोड़ी गयी थी प्रतिमा
तुर्काडीहा गांव में प्रतिमा तोड़े जाने का यह पहला मामला नहीं है। करीब एक दशक पहले भी वर्ष 2013 में गांव के बाहर स्थित जंगल में बने मंदिर में स्थापित देवी प्रतिमा को खंडित किया गया था। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था लेकिन बाद में उसे  विक्षिप्त बताकर छोड़ दिया गया था। अब एक दशक बाद फिर से प्रतिमा तोड़े जाने के घटना की पुनरावृत्ति हुई है। पुलिस इस मामले की गहनता से पड़ताल में जुटी है।

ये भी पढ़ें -Video : प्रयागराज में पेट्रोल भराने को लेकर विवाद, पंप पर जमकर की तोड़फोड़ - नकदी लूटने का भी आरोप

संबंधित समाचार