Kanpur News: हाईकोर्ट की दहशत से साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज, कोतवाली पुलिस ने साइकिल चोर को भी पकड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हाईकोर्ट की दहशत से साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज।

हाईकोर्ट की दहशत से साइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई। कोतवाली पुलिस ने साइकिल चोर को भी पकड़ लिया।एक मामले में कमिश्नर को हाईकोर्ट में पेश होना पड़ा था।

कानपुर, अमृत विचार। आमतौर पर बाइक, मोबाइल और पर्स चोरी की रिपोर्ट न दर्ज करने वाली कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने साइकिल चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली। केवल साइकिल चोरी का केस दर्ज ही नहीं किया बल्कि आरोपी को भी 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया और साइकिल बरामद कर ली। कमिश्नरेट पुलिस में इतना बड़ा बदलाव अधिवक्ता की कार चोरी के मामले के बाद आया। 
 
कार चोरी के मामले में स्थानीय कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट न दर्ज करने पर पुलिस कमिश्नर डा आर के स्वर्णकार को हाईकोर्ट में पेश होना पड़ गया था। रिपोर्ट न लिखने वाले कैंट इंस्पेक्टर पर एफआईआर तक दर्ज करा दी गई थी। बस इसके बाद से इतनी दहशत हो गई कि पुलिस साइकिल चोरी की रिपोर्ट भी लिखने लगी।
थानेदारों और अन्य अधिकारियों के लिए एक आदेश जारी किया गया है, जिसमें कोर्ट के आदेश पर केस तुरंत दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। मामला यह है कि छह दिसंबर बुधवार को कोतवाली स्थित उर्सला अस्पताल के पास सैफ खान निवासी ढकनापुरवा की रेंजर साइकिल चोरी हो गई थी।
 
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की तो पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। और तो और कोतवाली पुलिस ने रेंजर साइकिल भी बरामद कर ली। साथ ही साइकिल चोर को भी धर दबोचा। साइकिल चोरी करने वाले का नाम हिमांशु ठाकुर है और वह बजरिया थानाक्षेत्र के सीसामऊ का रहने वाला है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ने बताया कि साइकिल चोरी का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
 
बाइक चोरी की 22 रिपोर्ट लिखीं
 
अपराध कंट्रोल करने के लिए आम तौर पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं करती है। दो से तीन दिन में इतना परिवर्तन हुआ कि बाइक चोरी की ताबड़तोड़ वारदातें दर्ज की जाने लगीं। बीते तीन दिनों में बाइक चोरी की 22 वारदातें दर्ज की गई हैं।
 
 

संबंधित समाचार