Kanpur Anandeshwar Corridor: जनवरी से होगा दूसरे चरण का काम, नगर निगम से अधिकृत कंपनी ने शुरू किया मंदिर परिसर में सर्वे
कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर में कॉरिडोर का जनवरी से दूसरे चरण का काम शुरू होगा।
कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर में कॉरिडोर का जनवरी से दूसरे चरण का काम शुरू होगा। नगर निगम से अधिकृत कंपनी ने मंदिर परिसर में सर्वे शुरू किया।
कानपुर, अमृत विचार। परमट स्थित आनंदेश्वर मंदिर को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। प्रथम चरण का काम लगभग पूरा हो गया है। दिसंबर तक दीवारों पर पत्थर लग जाएंगे। इसी के साथ ही जनवरी में दूसरे चरण का काम शुरू हो जाएगा।
नगर निगम द्वारा अधिकृत कंपनी ने मंदिर में सर्वे शुरू कर दिया है। यह काम अगले हफ्ते तक पूरा हो जाएगा इसके बाद जनवरी से निर्माण शुरू होगा। 25 करोड़ की लागत से तीन फेज में कॉरिडोर का काम पूरा होना है। पहले चरण में छह करोड़ रुपये से काम हो रहा है।
जागेश्वर महादेव मंदिर आजाद नगर, सिद्धनाथ मंदिर जाजमऊ, पनकी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर और आनंदेश्वर मंदिर को कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की योजना है। फिलहाल आनंदेश्वर मंदिर के सुंदरीकरण का काम स्मार्ट सिटी मिशन के तहत हो रहा है।
वीआईपी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास से मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण, नाले को ढकने और वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जा चुकी है। दीवारों पर पत्थर लगाए जा रहे हैं। दूसरे चरण में गंगा किनारे मंदिर परिसर तक आवागमन के लिए मार्ग का निर्माण होना है।
सुंदरीकरण के ये होंगे काम
योजना के तहत मंदिर का भव्य मुख्य द्वार बनेगा। गंगा आरती के लिए तट पर स्थल भी बनाया जाना है। मंदिर के मुख्य द्वार से दाहिनी तरफ जाकर गंगा के अंदर से मंदिर की सीढ़ियों तक एलिवेटेड मार्ग बनेगा। इसी पर आरती स्थल और सेल्फी प्वाइंट भी बनेगा। यह मार्ग गंगा में 2010 में आई बाढ़ को ध्यान में रखकर बनेगा ताकि कभी भी ऐसी बाढ़ आए तो इस मार्ग पर पानी न भरे। इस पर सुरक्षा रेलिंग भी बनेगी। एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी ताकि यह संध्या होते ही दूधिया रोशनी से नहा उठे। मुख्य गेट से ग्रीन पार्क स्टेडियम तक के मार्ग को भी संवारा जाएगा। ये सभी कार्य दूसरे चरण में होंगे। तीसरे चरण में कन्वेंशन सेंटर व अन्य सुविधाओं का विकास होगा।
मुख्य गेट से त्रिशूल गेट तक हटेगा कब्जा
मुख्य गेट से त्रिशूल वाले गेट तक अभी दुकानदारों ने मार्ग पर ही दुकानें सजा ली हैं। ऐसे में वहां तक आना जाना मुश्किल होता है। एक तो दुकानदारों ने दुकान आगे बढ़ा रखी है दूसरे पशु भी इसी मार्ग पर टहलते रहते हैं। लोग दो पहिया वाहन लेकर अंदर तक आते जाते हैं। इससे भी परेशानी होती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए ही कॉरिडोर के प्रोजेक्ट में कब्जा मुक्ति को भी शामिल किया गया।
ये कार्य भी होने हैं।
– भव्य मुख्य द्वार बनेगा
– पार्किंग स्थल विकसित करना
– गंगा तट पर नित्य आरती होगी
–मुख्य गेट से त्रिशूल वाले गेट तक अतिक्रमण हटेगा।
– मंदिर परिसर व आसपास के स्थल का सुंदरीकरण
– विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनेगा
– सेल्फी प्वाइंट बन बनाया जाएगा
ये भी पढ़ें- Kanpur Anandeshwar Corridor: पहला चरण का काम पूरा, अब दीपावली बाद दूसरा होगा शुरू, सेल्फी प्वाइंट समेत कई कार्य होंगे
