Italy : रोम के एक अस्पताल में लगी आग, चार की मौत

 Italy : रोम के एक अस्पताल में लगी आग, चार की मौत

रोम। इटली की राजधानी रोम के बाहरी इलाके में स्थित एक अस्पताल में आग लगने और इमारत में धुंआ भरने की वजह से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती मरीजों को आग की वजह से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। टिवोली के मेयर कार्यालय ने एक बयान जारी कर कहा कि ‘सेंट जॉन द इवानजेलिस्ट हॉस्पिटल’ की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती मरीजों को तत्काल एंबुलेंस के जरिये दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया।

 बयान के मुताबिक, कम गंभीर मरीजों को अन्य अस्पतालों से स्थानांतरित करने से पहले नगर निकाय के जिमनेजियम में रखा गया। लाजियो क्षेत्र के गर्वनर फ्रांसेस्को रोका ने बताया कि अस्पताल में चार लोगों की मौत हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि जर्जर हो रहे अस्पताल में पानी की बौछार करने वाले उपकरण और अग्नि सुरक्षा ढांचा को स्थापित करने में ‘उल्लेखनीय देरी’ हुई है। दमकल विभाग ने इससे पहले आग से चार लोगों की मौत की जानकारी दी थी।

 इतालवी मीडिया की खबर के मुताबिक, मौतों की संख्या को लेकर भ्रम अस्पताल के मुर्दाघर में पहले से ही मौजूद एक शव की वजह से हुआ जिसे पीड़ित के तौर पर गिन लिया गया था। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। टिवोली मध्य रोम के उत्तर पूर्व में 35 किलोमीटर दूर एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यह पुरातत्व स्थल विला डी एस्टे और विला एडरियाना के लिए जाना जाता है जो यूनेस्को विश्व विरासत की सूची में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:- भारत को प्रति व्यक्ति उच्च कार्बन उत्सर्जन वाले देशों के साथ नहीं जोड़ा जा सकता: यूरोपीय संसद सदस्य