संभल: बंदरों के हमले में छत से गिरकर पांच वर्षीय बच्ची की मौत
सिरसी में मकान की छत पर बच्चों के साथ खेल रही थी, बंदरों के झुंड ने किया हमला तो घर के पीछे गली में गिरी
संभल/सिरसी, अमृत विचार। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के सिरसी में बंदरों के हमले में छत से गिरकर पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसा तब हुआ जब दूसरे बच्चों के साथ बच्ची छत पर खेल रही थी।
सिरसी के मुहल्ला गिन्नौरी निवासी कमलदीप की पांच वर्षीया बेटी कीर्ति शनिवार को सुबह करीब दस बजे दो मंजिल मकान की छत पर बच्चों के साथ खेल रही थी। छत पर कीर्ति के दादा चंद्रपाल भी थे। तभी अचानक बंदरों का झुंड छत पर पहुंच गया। बंदरों ने जैसे ही बच्चों पर हमला किया तो कीर्ति भागने लगी। कीर्ति मकान के पिछली साइड में गली में गिर गई।
दादा चंद्रपाल ने शोर मचाया तो परिजन और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन फानन में गंभीर रूप से घायल कीर्ति को निजी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। कीर्ति दो भाइयों की इकलौती बहन थी। परिजनों के अनुसार, एक साल पहले कीर्ति का फुफेरे भाई भी बंदरों के हमले में छत से गिरकर घायल हुआ था।
सिरसी में बंदरों के आतंक से खौफ
संभल। सिरसी में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पूर्व में बंदरों के हमले से मौत के मामले सामने आ चुके हैं। लोगों में खौफ का माहौल बना हुआ है। आलम यह है कि अकेली महिला घर की छत पर जाने से डर रही हैं क्योंकि बंदरों के झुंड छतों पर दिखाई देते हैं और कभी भी हमला कर देते हैं। लोग कई बार नगर पंचायत से बंदरों को पकड़वाने की मांग कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें:- Italy : रोम के एक अस्पताल में लगी आग, चार की मौत
