शाहजहांपुर: गेंद लगने से इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ने बच्चों को डंडे से पीटा, सस्पेंड
12 विद्यार्थी चोटिल, बेरहमी से पिटाई, पुलिस ने आरोपी शिक्षिका को थाने में बिठाया, बीईओ और बीएसए मौके पर पहुंचे
शाहजहांपुर,अमृत विचार: महानगर के कंपोजिट विद्यालय किला में सोमवार दोपहर गेंद लगने से गुस्साईं इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पूर्णिमा शर्मा ने विद्यार्थियों को बेरहमी से पीटा। पिटाई से 12 छात्र-छात्राएं चोटिल हो गईं। खबर फैलते ही अभिभावक आक्रोशित हो गए और चारखंभा चौराहे पर जाम लगाकर इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी शिक्षिका को थाने ले आई, जबकि चोटिल विद्यार्थियों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

उपचार और डॉक्टरी परीक्षण के बाद सभी बच्चों को छुट्टी दे दी गई। देर शाम बीएसए ने आरोपी इंचार्ज प्रधानाध्यापिका को सस्पेंड कर दिया है। उधर, अभिभावक मोहम्मद रजी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। चौक क्षेत्र के मोहल्ला किला स्थित कंपोजिट विद्यालय में मध्यावकाश से पहले बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान गेंद धूप में बैठीं इंचार्ज प्रधानाध्यापिका पूर्णिमा रस्तोगी के लग गई।
इससे शिक्षिका इतनी नाराज हो गईं कि उन्होंने डंडे से छात्र-छात्राओं को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। बेरहमी से पिटाई के कारण कक्षा सात के अरहान, असरा, शुएब, रमजा, अफजाल और कक्षा छह के मो. सुब्हान, आरिश, शहाना, कक्षा आठ की अरीबा, राइना, रमजा, अरीबा आदि 12 विद्यार्थी चोटिल हो गए। दर्द से छटपटाते बच्चे निशान देखकर रोने लगे। इससे अफरातफरी मच गई।

इधर अभिभावको को इसकी जानकारी हुई तो वे विद्यालय जा धमके, जहां शिक्षिका पूर्णिमा रस्तोगी से उनकी नोकझोंक हुई। बाद में महिला-पुरुषों अभिभावकों ने पास ही स्थित चारखंभा चौराहे पर चोटिल बच्चों को लिटाकर जाम लगा दिया। जाम लगाने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपी शिक्षिका को थाने ले जाया गया। उधर, बच्चों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
बाद में इलाज और डॉक्टरी परीक्षण के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी गई। बीएसए रणवीर सिंह और बीईओ सपना रावत ने वार्ड पार्षद फातिमा बी के देवर मोहम्मद जावेद की मदद से अभिभावकों को समझाया, जब जाकर जाम खुला। बच्चों की पिटाई के मामला सुनकर बसपा नेता नवाब फैजान अली खां समेत कई राजनीतिक दलों के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
विद्याथियों की पिटाई का मामला अत्यंत गंभीर है, इसलिए प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए आरोपी इंचार्ज प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी को भी मामले में विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रणवीर सिंह, बीएसए।
कंपोजिट विद्यालय में बच्चों की पिटाई के मामले में जांच की जा रही है। बच्चों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। अभिभावकों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अगली कार्रवाई की जाएगी।- सुधीर जायसवाल, एएसपी सिटी।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: लोधीपुर में अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर, 30 से ज्यादा भवन तोड़े
