पीलीभीत:  बमुश्किल हुई विदा, आते वक्त रास्ते में झगड़े और फिर लौट गई पत्नी 

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार: ससुराल से घर जा रहे युवक और उसकी पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। सड़क पर ही दोनों में जमकर मारपीट हुई। दंपति के बीच हाथापाई होते देख राहगीरों की भीड़ लग गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। पति से झगड़ा होने के बाद महिला वापस मायके लौट गई। मामला चर्चा का विषय बना रहा।

बताते हैं कि बलरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का एक युवक मैजिक चालक है। पत्नी से विवाद के बाद पिछले पांच सालों से मायके में रह रही थी। जैसे तैसे दोनों में रिश्तेदारों की मध्यस्थता के चलते समझौता हुआ। इसके बाद महिला का ससुराल आना-जाना शुरू हो गया। एक महीने पहले झगड़ा होने पर महिला फिर अपने मायके चली गई। आठ दिन पहले पति उसे लेने के लिए ससुराल पहुंच गया। काफी समझाने के बाद महिला पति के साथ आने को तैयार हुई।

सोमवार को दोनों ई रिक्शा पर बैठकर पूरनपुर से घर जा रहे थे। बंडा रोड पर कोतवाली के कुछ पीछे रिक्शे पर बैठे युवक ने पत्नी से कहा कुछ दिन पहले आ गई होती तो अपना राशन कार्ड भी बन जाता। पति की यह बात महिला को नागवार गुजरी। दोनों में झगड़ा होने लगा। देखते ही देखते बीच सड़क पर दोनों में मारपीट हो गई।

पहले लोग उन्हें समझाते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को कोतवाली ले गई। वहां दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस के समझाने के बाद मामला तो शांत हो गया लेकिन महिला फिर नाराज होकर मायके लौट गई।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: धान हो गया खत्म, उछाल मार गई खरीद, जिम्मेदारों ने लक्ष्य की राह कर ली आसान!

संबंधित समाचार