आजमगढ़: स्ट्रेचर ना मिलने से बीमार मां को गोद में लेकर हॉस्पिटल में भटकता रहा बेटा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोलने वाली बेहद भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। जब एक बेटे को बीमार मां को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिली तो वो मां को गोद में लेकर दो किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचा। वहां भी स्ट्रेचर नहीं मिलने पर बेटा मां को गोद में लिए इलाज के लिए भटकता हुआ दिखाई दिया। हालांकि, मामले में सीएमओ का कहना है कि स्ट्रेचर की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है। लापरवाही पर एक्शन लिया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, जिले के सिधारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊंची गोदाम गांव निवासी एक वृद्ध महिला मीना को कुछ दिनों पूर्व पैर में चोट लग गई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने के कारण महिला का इलाज सही से नहीं हो सका और उसके पैर में सड़न पैदा हो गई। जिससे महिला की हालत बिगड़ने लगी।
बीते दिन उसका बेटा रवि अपनी मां को अस्पताल में दिखाने के लिए घर से निकला। लेकिन पैसा न होने के कारण वो रिक्शा या ऑटो नहीं ले सका। मजबूरी में वह मां को गोद में उठाकर अस्पताल तक पहुंच गया। हैरत की बात रही कि अस्पताल में भी उसे स्ट्रेचर नहीं मिला। पूछने पर उसने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है उसके पास मोबाइल फोन तक नहीं है। इसी के चलते वो एम्बुलेंस को भी कॉल नहीं कर सका।
सीएमओ ने क्या कहा?
मामले में सीएमओ आजमगढ़ का कहना है कि अस्पताल में स्ट्रेचर पर्याप्त मात्रा में हैं। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जिस मरीज को भी आवश्यकता पड़े उसे तत्काल उपलब्ध कराया जाए। मेरे द्वारा बीच-बीच मे निरीक्षण भी किया जाता है। बावजूद इसके भी अगर इस तरह की लापरवाही हुई है तो जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच में भीषण सड़क हादसा: ट्राली में पीछे से घुसी कार, हेड कांस्टेबल समेत तीन की मौत
