लखनऊ : लोहिया संस्थान में पकड़ा गया फर्जी डॉक्टर
लखनऊ, अमृत विचार। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में एक बार फिर फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया फर्जी डॉक्टर सर्जन कंसलटेंट का आईकार्ड लगाये हुये था।
दरअसल, सोमवार को एक युवक डॉक्टर की वेशभूषा में आला लगाकर लोहिया संस्थान परिसर में घूम रहा था। शक होने पर सुरक्षाकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पकड़े गये फर्जी डॉक्टर का नाम सुरज तिवारी बताया जा रहा है। वह कक्षा आठ तक पढ़ा हुआ है। इस युवक पर आरोप है कि वह मरीजों को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए लोहिया संस्थान परिसर में घूम रहा था। वह खुद को लोहिया संस्थान के राम प्रकाश गुप्ता मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में चिकित्सक के पद पर कार्यरत बता रहा था।
बता दें कि इससे पहले भी लोहिया संस्थान में फर्जी डॉक्टर पकड़ा जा चुका है। वहीं अभी हाल ही में केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में एक फर्जी डॉक्टर पकड़ा गया था।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : अंग प्रत्यारोपण करा चुके मरीज डॉक्टर की सलाह को न करें नजरअंदाज
