Banda Theft News: रेलवे ठेकेदार के घर से 14 लाख के जेवरात ले उड़े चोर… पड़ोसी की छत से घुसे थे
बांदा में रेलवे ठेकेदार के घर से 14 लाख के जेवरात चोर ले उड़े।
बांदा में रेलवे ठेकेदार के घर से 14 लाख के जेवरात चोर ले उड़े। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जायेगा।
बांदा, अमृत विचार। ठंड बढ़ते ही चोरों ने फिर से पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। सुस्त हो चुकी खाकी को झटका देते हुये रेलवे ठेकेदार के घर में हाथ साफ कर दिया। बक्से में रखे 14 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 95 हजार रुपए नगद लेकर चोर फरार हो गए। सुबह परिजनों की नींद खुली तो हड़कंप मच गया। खबर पाकर डाग स्क्वायड, फोरेसिंक टीम समेत पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जायेगा।
एक तरफ पुलिस है कि अपराधों पर रोक लगाने के लिए तमाम दावे कर रही है। ठीक इसके उलट अपराधी विभिन्न घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार की रात ठंड के बीच चोरों ने नगर कोतवाली क्षेत्र. के डिंगवाही गांव में रहने वाले प्रयागराज रेलवे के ठेकेदार योगेंद्र सिंह के मकान में हाथ साफ कर दिया। पड़ोसी के घर से ठेकेदार के घर में पहुंचे।
परिजन गहरी नींद में सोते रह गये और चोरों ने बक्से का ताला तोड़ दिया। बक्से मे रखे 14 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और 95 हजार रुपए नगद लेकर फरार हो गये। बुधवार की सुबह परिजन जागे तो घर का बिखरा पड़ा सामान देखकर दंग रह गये। शोर-शराबा सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गये। ठेकेदार योगेंद्र ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना किया।
फोरेसिंक टीम और डाग स्क्वायड के भी मौके पर पहुंचने की खबर है। पुलिस टीम ने पड़ताल की। नगर कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। ठेकेदार की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करते हुये तहकीकात तेज कर दी है। कोतवाली पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जायेगा।
