बरेली: सीएम का आदेश नहीं माना तो डीएम के निर्देश पर क्या हटाएंगे अवैध स्टैंड
चौपुला, सेटेलाइट और सुभाषनगर गन्ना मील के पास से हो रहा वाहनों का संचालन
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में अवैध तरीके से चलने वाले अवैध वाहन स्टैंड पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद परिवहन विभाग के साथ नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से अवैध स्टैंड के खिलाफ अभियान चलाकर स्टैंड संचालकों के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, लेकिन कुछ दिनों के बाद ही अब फिर से शहर में कई स्थानों पर अवैध वाहन स्टैंड चलने लगे हैं, जबकि अब जिलाधिकारी ने भी अवैध स्टैंड और अनाधिकृत वाहनों पर कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए हैं। अब सवाल यह उठता है कि जब अधिकारी सीएम के निर्देश पर शहर के अवैध वाहन स्टैंड नहीं हटवा सके तो डीएम के निर्देश पर क्या कार्रवाई करेंगे।
शहर में फिर से अलग-अलग स्थानों पर अवैध स्टैंड संचलित होने लगे हैं। बुधवार को अमृत विचार की टीम ने जब शहर के सेटेलाइट तिराहे पर जाकर देखा तो सीएनजी पंप के पास दर्जनों अनाधिकृत ईको में चालक सवारियां बैठा रहे थे। जबकि नियमानुसार बस अड्डे से करीब 150 मीटर की दूरी पर कोई निजी वाहन सवारी नहीं भर सकता है। इसी तरह अटल सेतु पुल के नीचे बदायूं और आंवला जाने के लिए ईको कार का अवैध स्टैंड बना मिला। अटल सेतु पुल से आगे बढ़ने पर किला के सत्यप्रकाश पार्क के पास शाही, शेरगढ़, शीशगढ़ और मीरगंज जाने के लिए अवैध बस और टैक्सियां संचालित हाे रही थीं। उससे आगे मिनी बाईपास पर बहेड़ी, अटामांठा, जादोपुर के लिए भी अवैध वाहन पुलिस बूथ के सामने खड़े होकर सवारियां भरते हैं। वहीं सुभाषनगर गन्ना मील के पास देहात परमिट ऑटो और दूसरे जनपद जाने वाली बसें खड़ी रहती हैं।
सुभाषनगर और किला में दर्ज कराई गई थी रिपोर्ट
अवैध वाहन स्टैंड के खिलाफ जब सीएम ने कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए थे तो पुलिस के साथ नगर निगम और परिवहन विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए थे। जिसके बाद अवैध स्टैंड का संचालन करने वालों के खिलाफ किला और सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब मिलीभगत के चलते एक बार फिर से अवैध वाहन स्टैंड संचलित होने लगे हैं।
सड़क पर वाहन खड़ा करने से लगता है जाम
अवैध वाहन संचालक सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कर देते हैं। जिससे सड़क पर जाम के हालात बने रहते हैं। मिलीभगत होने के चलते पुलिस, परिवहन विभाग की टीम ऐसे वाहनों पर कार्रवाई नहीं करती हैं। अब जिलाधिकारी ने जब कार्रवाई के निर्देश दिए हैं तो खानापूर्ति के लिए कुछ वाहनों के चालान किए गए हैं।
अवैध वाहन स्टैंड हटाने के लिए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की थी। हमारी टीम उनके सहयोग में थी। स्टैंड पर कार्रवाई के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ही कार्रवाई कर सकते हैं- दिनेश कुमार सिंह, आरटीओ प्रवर्तन।
ये भी पढ़ें- बरेली: बीडीए ने छह अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त
