बरेली: बीडीए ने छह अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त
पीलीभीत बाईपास रोड पर 39 बीघा में बनाई जा रहीं थी अवैध कालोनियां
बरेली, अमृत विचार। बीडीए का अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर लगातार चल रहा है। बुधवार को प्रवर्तन दल ने पीलीभीत बाईपास पर 39 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से बनाई जा रही छह अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
पीलीभीत बाईपास पर धौरेरा माफी में लगभग आठ बीघा क्षेत्रफल में तौफीक, केसी गंगवार और संतोष काॅलोनी, खजुरिया घाट नदी के किनारे शैलेन्द्र शर्मा और नरेंद्र पाल पटेल चार बीघा में, ईश्वरी प्रसाद दो बीघा में, अशोक यादव और आशीष पांच बीघा क्षेत्रफल में अवैध काॅलोनी का निर्माण कर रहे थे। इसके अलावा अब्दुल्लापुर माफी में डाॅ. रोहित 10 बीघा में बिना ले आउट पास कराए धड़ल्ले से अवैध निर्माण करा रहे थे।
बीडीए ने सभी कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। इसी क्षेत्र में छोटे लाल भी 10 बीघा क्षेत्रफल में काॅलोनी का निर्माण कार्य करवा रहे थे। इसे भी ध्वस्त कर दिया गया है। प्रवर्तन टीम में प्राधिकरण के एई हरीश कुमार, जेई सुनील कुमार गुप्ता और रमन अग्रवाल आदि रहे। वीसी बीडीए जोगिंदर सिंह की तैनाती के बाद से शहर में अवैध कालोनियों के निर्माण पर लगातार कार्रवाई जारी है।
ये भी पढ़ें- बरेली: चेकिंग...19 वाहनों का चालान, छह बस और ट्रक सीज
