IPL 2020: लोकेश राहुल ने कहा, अपनी पारी को लेकर ज्यादा आश्वस्त नहीं था

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ नाबाद 132 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल ने कहा है कि वह अपनी पारी को लेकर ज्यादा आश्वस्त नहीं थे। राहुल ने बेंगलुरु के खिलाफ नाबाद 132 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी जिसकी बदौलत पंजाब ने बेंगलुरु को 97 …

दुबई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ नाबाद 132 रन की विस्फोटक पारी खेलने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब के कप्तान लोकेश राहुल ने कहा है कि वह अपनी पारी को लेकर ज्यादा आश्वस्त नहीं थे। राहुल ने बेंगलुरु के खिलाफ नाबाद 132 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी जिसकी बदौलत पंजाब ने बेंगलुरु को 97 रनों के बड़े अंतर से हराकर आईपीएल में अपनी पहली जीत हासिल की। राहुल को उनकी पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

राहुल ने कहा, “मैं अपनी पारी को लेकर ज्यादा आश्वस्त नहीं था। मैंने मैच से एक दिन पहले मैक्सवेल से चर्चा की थी और उन्होंने मुझसे पूछा था कि आपको कैसा लग रहा है। मैं उनसे कहा था कि मुझे ऐसा नहीं लग रहा कि मेरी बल्लेबाजी नियंत्रण में है। उस वक्त उन्होंने मुझसे कहा कि आप मजाक कर रहे हैं और आप अच्छा हिट करते हैं। ईमानदारी से कहूं तो मैं बैचेन था लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं मध्य में समय बिताऊंगा और बल्ले से कुछ गेंद हिट करुंगा तो सेट होकर बल्लेबाजी कर सकता हूं।”

उन्होंने कहा, “एक कप्तान के तौर पर आपके पास समय की पाबंदी होती है और आपको कई चीजें देखनी होती है। मैं फिर भी अपनी रुटीन संयमित रखने की कोशिश करता हूं। मैदान के बीच और टॉस के समय ही मुझे लगता है कि मैं कप्तान हूं। इसके बाद मैं एक खिलाड़ी और कप्तान के तौर खुद को संयमित रखता हूं। इस मुकाबले में पूरी टीम ने अपना योगदान दिया।”

राहुल ने कहा, “हमें पता था कि बेंगलुरु के पास काफी मजबूत बल्लेबाजी क्रम है और हमें उनके शीर्ष क्रम के तीन विकेट जल्द गिराने होंगे। हमें पता था कि अगर उनके बल्लेबाज सेट हो गए तो वे पासा पलट सकते हैं। टीम के इस प्रदर्शन से कोच और मैनेजमेंट काफी खुश होंगे। मैं रवि बिश्नोई के प्रदर्शन से काफी प्रभावित हूं। मैंने उन्हें अंडर-19 विश्वकप में देखा है। वह हालांकि आरोन फिंच, एबी डीविलियर्स जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करने को लेकर थोड़े बैचेन थे।”

 

संबंधित समाचार